महाशिवरात्रि पर गोपेश्वर महादेव चार पहर में चार स्वरूपों में भक्तों को देंगे दर्शन

  • Thursday February 27 2025 - 09:05 PM
  •  

  • महाशिवरात्रि पर दिनरात खुलेंगे गोपेश्वर महादेव मंदिर के पट 
  • 26 फरवरी की रात को महादेव गोपी, मोहिनी, सखी और शिव रूप में देंगे दर्शन 

वृंदावन्र। सुप्रसिद्ध गोपेश्वर महादेव मंदिर में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। पर्व के दिन 24 घंटे मंदिर के पट खुले रहेंगे। आराध्य गोपेश्वर महादेव महाशिवरात्रि को चार पहर में अलग-अलग स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देंगे।

नगर के वंशीवट क्षेत्र के समीप गोपेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी कर ली गई है। मंदिर के सेवायत गोस्वामी पर्व पर होने वाले आराध्य की विशेष श्रृंगार दर्शन और महा आरती की जाएगी। 

मंदिर की डॉ. मीनाक्षी गोस्वामी ने बताया कि महाशिव रात्रि के दिन ही भगवान की शिवलिंग के रूप में पूजन की परंपरा शुरु हुई थी। इसलिए भगवान शंकर के भक्तों के लिए यह दिन खास है। पर्व के अवसर पर 26 फरवरी को मंदिर के पट दिनरात भक्तों के लिए खुले रहेंगे। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन भगवान गोपेश्वर महादेव का जल, दूध, यमुना जल एवं गंगाजल एवं पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। रात के समय चार पहर में चार स्वरूपों में भगवान शिव विशेष श्रृंगार दर्शन भक्तों को देंगे। 

प्रथम पहर रात्रि दस बजे गोपी रूप, रात्रि 12 बजे मोहिनी स्वरूप, रात्रि 3 बजे सखी स्वरूप एवं प्रातः चार बजे शिव स्वरूप में भक्तों को दर्शन होंगे। महा आरती की जाएगी। महाशिवरात्रि के अगले दिन 27 फरवरी को खप्पर पूजन विधिविधान से की जाएगी। इसके बाद संत सेवा एवं भंडारे के आयोजन किया जाएगा। 

कांवर लेकर आने वाले भक्तों के लिए मंदिर में प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग रहेंगे। ताकि भीड़ नियंत्रित हो सके। मंदिर को जाने वाले मार्गों पर बेरीकेडिंग नगर निगम द्वारा लगाई गई है। भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के साथ भीड नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। 

इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेद्र कुमार ने बताया कि भक्तों को वंशीवट की ओर से गोपेश्वर महादेव मदिर की ओर जाने का रास्ता होगा। सडक पर बैरिकेडिंग लगाकर कतारबद्ध तरीके से भक्तजन मंदिर जाएंगे। जबकि मंदिर से निकास गोदाविहार की ओर से होगा।