ठाकुर राधारमण लाल का 480 वां प्राकट्योत्सव, पंचामृत से हुआ महाभिषेक

  • Friday May 20 2022 - 10:17 AM
  •  

वृन्दावन। मन्दिरों की नगरी वृन्दावन के प्राचीन सप्तदेवालयों में से एक श्री राधारमण मन्दिर में ठाकुर राधारमण महाराज का 480 वां प्राकटृयोत्सव सोमवार को विभिन्न धार्मिक आयोजनो के मध्य मनाया गया।

वैशाख शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को श्री शालिग्राम शिला से स्वयं प्रकटित ठाकुर राधारमण लाल के 480 वें प्राकट्योत्सव पर मन्दिर के सेवायत गोस्वामी जनों द्वारा ठाकुरजी के श्री विग्रह का वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य 51 किलो दुग्ध, दही, मधु, घृत, शहद, विभिन्न पवित्र नदियों के जल, महौषधियों से महाभिषेक किया गया। मंत्रोच्चारों के मध्य अभिषेक लगभग दो घण्टे तक चला। इसके बाद ठाकुरजी को नवीन वस्त्र धारण करके विशेष श्रंगार किया गया। 

प्राचीन ठा राधारमण मन्दिर के सेवायत अनुराग गोस्वामी ने बताया कि कलयुग पावनावतार चैतन्य महाप्रभु के प्रमुख शिष्यों में से एक आचार्य गोपाल भट्ट गोस्वामी को दक्षिण भू भाग स्थित गंडक नदी में स्नान के दौरान श्री शालिग्रामजी शिला प्राप्त हुई थी। जिसकी श्री भट्ट गोस्वामी पूर्ण श्रद्धा एवं तन्मयता से पूजा सेवा करते थे। एक दिन गोस्वामी जी के ह्रदय में विचार उत्पन्न हुआ कि अगर यह शिला भी विग्रह रूप में होती तो वह भी अपने लाडले आराध्य का अलौकिक श्रंृगार करते।

आराध्य राधारमण महाराज ने भी अपने भक्त की पुकार सुन ली और स्वयं श्रीविग्रह स्वरूप में प्रकट हो गए। तभी से वैशाख शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर ठाकुर राधारमण लाल जू का प्राकट्योत्सव परम्परागत रूप से मनाया जाता है। अपने आराध्य ठाकुर राधारमण लाल जू के दिव्याकर्षक दर्शनों के लिये देशी- विदेशी भक्तजन उमड़ पड़े।