वृंदावन में होली की तैयारी को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम व एसएसपी।
होली पर सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा वृंदावन, 24 की रात से रहेगी वाहनों की नो एंट्री
- 24 फरवरी की रात से बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक
- रंग के सिलेंडर व नकली गुलाल पर पूर्ण प्रतिबंध
- सीसीटीवी, वाच टावर और कंट्रोल रूम से निगरानी
- हुड़दंगियों पर नजर रखेंगे दस गुंडा दमन दल
- होली के व्यापक इंतजाम, चार जोन और आठ सेक्टर में बांटा वृंदावन
वृंदावन। नगर में 27 फरवरी को रंगभरी एकादशी पर होने वाली होली को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे नगर को चार जोन एवं आठ सेक्टर में विभाजित किया गया है। परिक्रमा मार्ग सहित नगर के प्रमुख तिराहे-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे, वाच टावर और कंट्रोल रूम के माध्यम से श्रद्धालुओं के साथ-साथ हुड़दंगियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने नगर में रंग के सिलेंडर, नकली गुलाल की बोरियां तथा अवैध रंगों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही होली से दो दिन पहले यानी 24 फरवरी की रात से बाहरी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक लागू रहेगी।
रविवार को श्रीबांकेबिहारी मंदिर सहित नगर के मंदिरों एवं परिक्रमा मार्ग में मनाई जाने वाली रंगभरी एकादशी की तैयारियों को लेकर लक्ष्मण शहीद स्मारक सभागार में पुलिस, नगर निगम, विद्युत निगम, स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि होली से दो दिन पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि रंगभरी एकादशी पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
जोन स्तर पर एएसपी रैंक के अधिकारी तैनात रहेंगे। बिजली और स्वास्थ्य विभाग भी जोन स्तर पर अधिकारियों की नियुक्ति करेंगे। नगर निगम को सफाई एवं पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग को परिक्रमा मार्ग के गड्ढे भरने और प्रमुख मार्गों को ठीक करने के आदेश दिए गए हैं।
पांच कोस परिक्रमा में सात एंबुलेंस और सात स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा श्रीबांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में भी एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य टीम तैनात रहेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग को मंदिरों के आसपास खराब खाद्य पदार्थ और मिठाई बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि होली के दौरान यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और हुड़दंगियों पर निगरानी के लिए परिक्रमा मार्ग और प्रमुख चौराहों पर वाच टावर स्थापित किए जाएंगे। नगर के सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम को मुख्य परशुराम पार्क एवं कोतवाली स्थित कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जहां से पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे।
परिक्रमा मार्ग पर दस गुंडा दमन दल तैनात किए जाएंगे, जिनमें पुलिसकर्मी आम लोगों के बीच रहकर हुड़दंगियों पर नजर रखेंगे और तत्काल कार्रवाई करेंगे। महिलाओं से होली के नाम पर छेड़खानी या परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्यूआर कोड स्कैन करने पर श्रद्धालुओं को मिलेगी जरूरी जानकारी
डीएम सीपी सिंह ने बताया कि नगर के सभी होटलों को एडवाइजरी जारी की जाएगी। होटलों को क्यूआर कोड वाले पंफलेट दिए जाएंगे, जिन्हें स्कैन करने पर श्रद्धालुओं को मंदिरों के खुलने-बंद होने का समय, पार्किंग, बाथरूम, अस्पताल और निकटतम पुलिस सेवा की जानकारी मिलेगी। ये क्यूआर कोड पंफलेट होटल, पार्किंग और मंदिर क्षेत्रों में लगाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी के लिए भटकना न पड़े।
रंग के सिलेंडर और नकली गुलाल की बोरियों पर पूरी तरह प्रतिबंध
एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नगर में रंग के सिलेंडर और नकली गुलाल की बोरियों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ऐसे सामान को तत्काल जब्त किया जाएगा और विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
24 फरवरी की रात से बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक
27 फरवरी को रंगभरी एकादशी से होली उत्सव की शुरुआत होगी। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में रंग, गुलाल और फूलों की होली खेली जाएगी, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 24 फरवरी की रात से 5 मार्च तक बाहरी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहनों को नगर के प्रवेश मार्गों पर बने स्थायी और अस्थायी पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा। श्रद्धालु वहां से ई-रिक्शा के माध्यम से मंदिर पहुंच सकेंगे। नगर में केवल पंजीकृत ई-रिक्शा निर्धारित मार्गों पर ही संचालित होंगे। श्रीबांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र और परिक्रमा मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर आवागमन के लिए रहेगी वन-वे व्यवस्था
27 फरवरी को मंदिर में होने वाली होली के दौरान श्रद्धालुओं के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। मंदिर क्षेत्र के सभी सब मार्गों पर बैरियर लगाकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
मंदिर में प्रवेश जुगल घाट एवं विद्यापीठ चौराहा की ओर से दिया जाएगा, जबकि निकास वीआईपी मार्ग और ठाकुर राधा स्नेह बिहारी मार्ग से होगा। मंदिर जाने वाली छोटी गलियों को बैरियर लगाकर बंद किया जाएगा। रंगभरी एकादशी से दो दिन पहले विद्यापीठ से बांकेबिहारी मंदिर की मुख्य गली तक बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। मंदिर के प्रवेश और निकास मार्गों पर दस जूता घर बनाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालु जूते-चप्पल उतारकर ही मंदिर मार्ग में प्रवेश कर सकेंगे।



