यूपी के हर जिले में बनेगी एक आदर्श गोशाला, ‘काऊ टूरिज्म’ से आत्मनिर्भर होंगी गौशालाएं

  • Wednesday October 15 2025 - 01:01 AM
  •  

लखनऊ। यूपी सरकार ने गौसंरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा निर्णय लिया है। राज्य के हर जिले में एक आदर्श गोशाला स्थापित की जाएगी, जिसे पर्यटन स्थल (Cow Tourism Spot) के रूप में विकसित किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य न केवल गायों की देखरेख को बेहतर बनाना है, बल्कि गौशालाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना भी है।

आत्मनिर्भरता और ‘काऊ टूरिज्म’ पर जोर

सरकारी बयान के अनुसार, प्रत्येक आदर्श गोशाला में गाय से प्राप्त उत्पादों जैसे गोबर, गोमूत्र, दूध, घी और अन्य प्राकृतिक उत्पादों के व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे गोशालाएं अपनी आमदनी का स्रोत स्वयं तैयार कर सकेंगी। सरकार का मानना है कि काऊ टूरिज्म (Cow Tourism) से श्रद्धालु और पर्यटक ग्रामीण इलाकों की ओर आकर्षित होंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों, किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को सीधा लाभ मिलेगा।

महिला स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जाएगा

पशुधन विभाग ने योजना बनाई है कि महिला स्वयं सहायता समूहों को गोबर आधारित उत्पादों जैसे दीप, मूर्तियां, धूपबत्ती, और सजावटी सामग्री के निर्माण से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का नया मंच मिलेगा।

दीपावली पर गोबर उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि दीपावली पर गोबर से बने दीपों, मूर्तियों और सजावटी सामग्री के उपयोग को लेकर बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा। इन उत्पादों की बाजारों में आसानी से उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी ताकि नागरिक “वोकल फॉर लोकल” पहल को सशक्त कर सकें। वहीं, प्रमुख सचिव पशुधन एवं दुग्ध विकास, मुकेश मेश्राम ने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गोशालाओं में गोबर और गोमूत्र के व्यावसायिक उपयोग की स्थानीय योजनाएं तैयार की जाएं। इस पहल से न केवल गोशालाएं आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।