दिल्ली-NCR में हुई बरसात, पांच दिन 23 राज्यों के लिए अलर्ट

  • Sunday July 14 2024 - 12:02 AM
  •  

नई दिल्ली। दिल्ली और उससे लगे उत्तर प्रदेश व हरियाणा के कई शहरों में आज सुबह कहीं तेज तो कहीं कम बारिश हुई है। गाजियाबाद में सुबह करीब साढ़े पांच बजे शुरू हुई बरसात ने मात्र 20-25 मिनट में कई इलाकों की प्रमुख सड़कों को जलमग्न कर दिया। शालीमार गार्डन मेन में भारत माता चौक से दिल्ली के सीमापुरी डीटीसी बस डिपो तक का मार्ग लबालब हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 राज्यों में आगामी पांच दिन भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

इस बीच लगभग सारा देश मानसूनी बारिश से भीग रहा है। पहाड़ी और पूर्वाेत्तर के राज्यों के लोगों के लिए यह बारिश आफत बन गई है। उत्तराखंड के जोशीमठ में भू-स्खलन की वजह से बंद बद्रीनाथ हाइवे 83 घंटे बाद खुला। यहां लगभग 4500 यात्री जगह-जगह फंस गए थे। बिहार में बिजली गिरने से पिछले 24 घंटे में 21 और लोगों की जान चली गई है। असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार तो हुआ है पर अभी भी 12 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। देश के 23 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर अगले पांच दिन बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और विभाग ने रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

भारी बारिश और नेपाल से छोड़े गए पानी के बाद उत्तर प्रदेश के कई शहरों में अब बाढ़ का असर विकराल रूप लेता जा रहा है। बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सीतापुर के करीब 250 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। लखीमपुर खीरी के 150, शाहजहांपुर के 30, बदायूं के 70, बरेली के 70 और पीलीभीत के करीब 222 गांव की बड़ी आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। पूर्वांचल के बलिया में भी कई जगह बाढ़ की स्थिति गंभीर है। राज्य के 800 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में 13, 14, 17 और 18 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। 1-12 जुलाई के बीच राज्य में 81.8 मिलीमीटर बारिश हुई है जो इस अवधि में सामान्य 85.6 मिलीमीटर से चार फीसदी कम है। शुक्रवार को धर्मशाला में सबसे अधिक 12.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।