सपा सांसद रामजीलाल सुमन को मारने वाले को 25 लाख का इनाम...
अलीगढ़। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर की गई टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ता ही जा रहा है। देशभर में रामजीलाल सुमन के लिए लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। अलीगढ़ के हिंदूवादी नेता मोहन ने एक विवादित एलान किया है। उन्होंने रामजीलाल सुमन को गोली मारने वाले को 25 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की है। हिंदूवादी नेता का एलान है कि अगर इससे पहले वह रामजीलाल सुमन से मिलते हैं तो वह खुद भी उन्हें पहले गोली मारेंगे। हिंदूवादी नेता द्वारा की गई घोषणा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
करणी सेना के नेता मोहन चौहान ने कहा कि राणा सांगा वीर थे, जिनके शरीर पर 80 घाव थे। एक पैर, एक हाथ और एक आंख नहीं थी। फिर भी लड़ते रहे और कभी किसी से मदद नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई हमारे समाज से और इतिहास से छेड़छाड़ करेगा तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कोई भी व्यक्ति रामजीलाल सुमन को गोली मारेगा तो वह और उनका संगठन उसे 25 लाख रुपए का इनाम देगा। अगर उनका आमना सामना हो गया तो वह भी सुमन को सीधे गोली मार देंगे।
हाल ही में एक की गई एक और घोषणा
सपा सांसद रामजीलाल सुमन के मेवाड़ के राजा राणा सांगा को गद्दार कहने का मामला गर्माया हुआ है। देशभर में सांसद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के साथ ही उन पर कार्रवाई की मांग की जा रही हैं। हाल ही में राजस्थान में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने सांसद की जुबान काटने पर 5.51 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी। जिसके बाद अब उनकी हत्या पर इनाम का विवादित बयान सामने आया।
सपा सांसद क्या बयान दिया था
21 मार्च को सपा के सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा था कि भाजपा वालों का तकिया कलाम हो गया कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है तो फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को कौन लाया? बाबर को भारत में इब्राहीम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था। उन्होंने कहा था कि मुसलमान बाबर की औलाद हैं तो तुम (हिंदू) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो। यह हिंदुस्तान में तय हो जाना चाहिए। बाबर की आलोचना करते हैं, राणा सांगा की नहीं। इसके बाद से बवाल मचा हुआ है।



