हर्षा रिछारिया की सनातनी युवा जोड़ो पद यात्रा में बुर्का पहने अलीशा पर हर किसी की नजर

  • Tuesday April 15 2025 - 01:04 AM
  •  

अलीशा खान बोली - सनातन धर्म में महिलाओं को देवी का दर्जा

वृंदावन। मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया वृंदावन से संभल के लिए सनानती युवा जोड़ो यात्रा लेकर निकली। सनानती युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से निकली पदयात्रा में बुर्का पहनकर पहुंची अलीशा खान सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। अलीशा ने कहा कि 8 महीने पहले ही उन्होंने सचिन से प्रेम विवाह किया है। सनातन धर्म में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया जाता है, महिलाओं का सम्मान है।

प्रयागराज महाकुंभ में चर्चित रहीं हर्षा रिछारिया ने सोमवार सुबह वृंदावन से संभल तक की 175 किलोमीटर लंबी पदयात्रा का शुभारंभ वृंदावन के अटल्ला चुंगी चौराहा पर स्थित राम मंदिर से की। उन्होंने पदया़त्रा से पहले भगवान शिव की पूजा अर्चना की। प्रभु राम को नमन किया। बांकेबिहारी के जयकारों के बीच हर्षा ने साधु-संतों के सानिध्य में यात्रा शुरू की। हर्षा रिछारिया की मंदिर में दर्शन के दौरान चप्पल भी खो गईं, लेकिन उन्होंने बिना रुके नंगे पांव यात्रा शुरू कर दी।

अलीशा खान पर रही सबकी नजर

पदयात्रा में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुई मथुरा डीगगेट निवासी अलीशा खान पर सबकी नजर रही। काला बुर्का पहने अलीशा के माथे पर टीका लगा था। अलीशा ने बताया कि उन्होंने 8 महीने पहले सचिन से प्रेम विवाह किया है। अब वह सनातन संस्कृति से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि सनातन में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया जाता है, जबकि हमारे समाज में लड़कियों को सम्मान नहीं मिलता।

इसलिए शुरू हुई पदयात्रा

हर्षा रिछारिया ने बताया कि यह पदयात्रा उन युवाओं को सनातन मार्ग पर लौटाने के लिए है, जो धर्म से भटक चुके हैं। वृंदावन से शुरू हुई यह 175 किलोमीटर की यात्रा 20 अप्रैल को संभल पहुंचेगी, जहां 21 अप्रैल को समापन कार्यक्रम आयोजित होगा।