18 वीं शताब्दी के रससिद्ध सन्त परमानंद दास की साधना स्थली है प्रियावल्लभ कुंज
वृन्दावन। छीपी गली स्थित ठाकुर प्रियावल्लभ कुंज में श्रीहितपरमानंद शोध संस्थान के तत्वावधान में ठाकुर प्रियावल्लभ लाल एवं ठाकुर विजयराधवल्लभ लाल महाराज का 208 वां द्विदिवसीय पाटोत्सव विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रारम्भ हो गया है। महोत्सव का शुभारंभ अखिल भारतीय निर्मोही बड़ा अखाड़ा श्रीहित रासमण्डल के श्रीमहंत लाड़िली शरण महाराज,श्रीसिंहपौर हनुमान मंदिर के महंत सुन्दर दास महाराज,महामंडलेश्वर सच्चिदानंद शास्त्री एवं भागवताचार्य रामप्रकाश भारद्वाज मधुर आदि ने ध्वजारोहण करके किया। ततपश्चात हितवाणी, हित चतुरासी एवं राधा सुधानिधि आदि ग्रंथों का संगीतमय गायन सन्तों व वैष्णवों के द्वारा किया गया।
इसके उपरांत परमहितधर्मी रामप्रकाश भारद्वाज मधुर के श्रीमुख से श्रीहितपरमानंद दास महाराज की वाणियों का गायन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित सन्त-विद्वत सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ ने कहा कि श्री प्रियाबल्लभ कुंज 18वीं शताब्दी के रससिद्ध सन्त एवं प्रमुख वाणीकार श्रीहितपरमानंद दास महाराज की साधना स्थली है। उन्होंने यहाँ रह कर तमाम साहित्य सृजन किया। जो कि राधवल्लभ सम्प्रदाय की बहुमूल्य निधि है।
श्रीहितपरमानंद शोध संस्थान के समन्वयक व वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने कहा कि श्रीप्रियावल्लभ कुंज में दतिया की महारानी बखत कुंवरि (प्रिया सखी) के सेव्य ठाकुर प्रियावल्लभ लाल एवं श्रीहितपरमानंद दास जी महाराज के सेव्य ठाकुर विजयराधावल्लभ लाल विराजित हैं। यह दौनों ही ठाकुर अत्यंत सिद्ध व चमत्कारिक हैं।
राधवल्लभ सम्प्रदाय के परम् विद्वान डॉ. चंद्रप्रकाश शर्मा व पंडित जगदीश शर्मा गुरु जी ने कहा कि राधवल्लभ सम्प्रदाय का वाणी साहित्य अत्यंत समृद्ध व उन्नत है। इसका और अधिक उन्नयन व संवर्धन करने के लिए श्रीहितपरमानंद शोध संस्थान जो कार्य कर रहा है, वह अति प्रशंसनीय हैं।
प्रमुख शिक्षाविद डॉ. सुनीता अस्थाना व ब्रजबिहारी शर्मा (बिरजू महाराज) ने कहा कि श्रीहितपरमानन्द शोध संस्थान ने श्रीहितपरमानंद दास महाराज की तमाम वाणियों की पाण्डुलिलियों को खोज कर और उनका प्रकाशन कर के अद्भुत व सराहनीय कार्य किया है। जो कि न केवल राधावल्लभ सम्प्रदाय के लिए अपितु समूचे भक्ति वांग्मय के लिए अभूतपूर्व देन है।
श्रीहितपरमानंद शोध संस्थान के महामंत्री श्रीहितललित वल्लभ नागार्च व महन्त मधुमंगल शरण शुक्ल ने कहा कि ठाकुर प्रियावल्लभ कुंज के पाटोत्सव का इतिहास 207 वर्ष पुराना है। इस दौरान श्रीधाम वृन्दावन का स्वरूप बहुत अधिक बदला है। और यहां नई-नई परम्पराओं का जन्म हुआ है। परन्तु प्रियावल्लभ कुंज की परम्पराएं किंचित भी नही बदली हैं। उन परम्पराओं का निर्वहन श्रीहितपरमानन्द शोध संस्थान के द्वारा आचार्य विष्णुमोहन नागार्च के निर्देशन में आज भी वैसा ही किया जा रहा है।
युवा साहित्यकार डॉ. राधाकांत शर्मा ने ठाकुर विजयराधावल्लभ व ठाकुर प्रियावल्लभ लाल के विषय में ब्रजभाषा के कवित्तों का गायन कर सभी को भाव विभोर कर दिया। इस दौरान श्रीहितपरमानंद शोध संस्थान की त्रैमासिक पत्रिका "हितोत्सव" के नवीन अंक का विमोचन उपस्थित विद्वानों के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आचार्य विष्णुमोहन नागार्च, कमला नागार्च, पार्षद रसिक वल्लभ नागार्च,रासबिहारी मिश्रा, युगलकिशोर शर्मा, तरुण मिश्रा, भरत शर्मा,हितवल्लभ नागार्च, डॉ. श्यामबिहारी खण्डेलवाल,डॉ. जयेश खण्डेलवाल, पंडित राकेश दुबे, रोहित दुबे आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। संचालन डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने किया।



