समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
अखिलेश यादव का ऐलान: मथुरा-वृंदावन, हाथरस और आगरा के लिए बनेगा ‘लोकल मेनिफेस्टो’
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सपा प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग ‘लोकल मेनिफेस्टो’ तैयार करेगी। इसकी शुरुआत मथुरा-वृंदावन, हाथरस और आगरा से की जा रही है।
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, “समाजवादी बनाएंगे स्थान विशेष के लिए लोकल मेनिफेस्टो — मथुरा-वृंदावन लोकल मेनिफेस्टो, हाथरस लोकल मेनिफेस्टो और आगरा लोकल मेनिफेस्टो। यह कदम स्थानीय जनता की अपेक्षाओं और समस्याओं को सीधे चुनावी एजेंडे में शामिल करने के लिए उठाया गया है।”
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
सपा मुखिया ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन स्थानों पर भ्रष्टाचार, सामाजिक भेदभाव, भूमाफिया और ठेका माफियाओं का जाल फैलाया गया है। उन्होंने कहा कि यहां जानबूझकर आर्थिक गतिविधियों को रोका जा रहा है, जिससे रोजगार और आय के साधन लगातार घट रहे हैं।
अखिलेश ने लिखा, “इन इलाकों में स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। स्थानीय किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, कारीगरों और कारोबारियों की अनदेखी की जा रही है। भाजपा सरकार ने इन क्षेत्रों की संरचनात्मक सुधार की मांगों की लगातार उपेक्षा की है।”
स्थानीय मुद्दों पर जोर
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकल मेनिफेस्टो में हर जिले के हिसाब से सड़क, फ्लाईओवर, बिजली, पानी, जलभराव, ट्रैफिक जाम और इन्फ्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट जैसे मुद्दों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि यह पहल पूरे प्रदेश के लिए आदर्श मॉडल बनेगी।
जनता के भरोसे की अपील
सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता आज भी समाजवादियों के कामों को याद करती है और उन पर भरोसा करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयासों से जनता सपा की विकासोन्मुखी और सौहार्दपूर्ण सरकार वापस लाएगी। अखिलेश ने अंत में कहा — “यह है पीडीए की महापुकार। हम बनाएंगे अपनी सरकार।”



