वृंदावन में बांकेबिहारी कॉरिडोर का जल्द शुरू हो कार्यः हेमा मालिनी

  • Sunday April 27 2025 - 12:30 AM
  •  

  • मांगा अयोध्या व बनारस की तर्ज पर मथुरा को मिले विशेष पैकेज
  • सांसद हेमा मालिनी ने सीएम योगी से लखनऊ  में की मुलाकात

मथुरा। सांसद हेमा मालिनी ने शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से मथुरा के पर्यटन विकास के लिए अयोध्या और बनारस की तरह विशेष पैकेज दिए जाने की आवश्यकता जताई साथ ही बांकेबिहारी कॉरिडोर का कार्य जल्द शुरु कराए जाने की मांग की। सांसद ने मुख्यमंत्री को दो दर्जन से अधिक विकास परियोजनाओं की सूची सौंपी, जिनको शासन की स्वीकृति की आवश्यकता है। 

मथुरा से भाजपा सांसद हेमामालिनी ब्रज के विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ पहुंची। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ ब्रज के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। ब्रज तीर्थ विकास परिषद की कार्ययोजना योजना 2025-26 को लेकर भी दोनों के बीच चर्चा हुई। सासंद ने विकास के लिए अयोध्या, बनारस की तर्ज पर मथुरा को भी विशेष पैकेज दिए जाने की आवश्यकता जताई। श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर के लिए 150 करोड़ स्वीकृत करने पर आभार जताते हुए इस पर कार्य जल्द शुरु कराने का आग्रह किया।

मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग को सड़क मार्ग में किया जाय परिवर्तन

सांसद ने मुख्यमंत्री से मथुरा वृंदावन रेल लाइन को सड़क मार्ग में परिवर्तन करने, ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के विकास सहित वृंदावन, महावन, गोवर्धन, जैंत रिंग रोड़ का भी पूर्व प्रस्तावों पर काम कराने का भी आग्रह किया। इसके अलावा दो दर्जन कामों की एक और सूची मुख्यमंत्री को सौंपी जिसमें कई रोड प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री ने हेमा मालिनी से ब्रज के विकास को अपनी प्राथमिकता का हिस्सा बताया। कहा कि भगवान श्री राधाकृष्ण की जन्म और लीलस्थलियों का विकास अयोध्या और बनारस पैटर्न पर ही होगा। 

संसाधन की कमी के कारण क्षेत्र में सफाई मुश्किल, छवि हो रही धूमिल 

सांसद ने नगर विकास मंत्री अरविन्द शर्मा साथ बैठक की। सांसद ने उन्हें बताया कि मथुरा-वृंदावन नगर निगम के अंतर्गत आने वाले समस्त क्षेत्र में वर्ष भर देश-विदेश से तीर्थ यात्रियों का हजारो की संख्या में आगमन रहता है। अनेक स्थानों पर अति महत्त्वपूर्ण प्राचीन मंदिर हैं जिस कारण से मंदिर के आस-पास स्थित आबादी क्षेत्र में हर समय सफाई व्यवस्था की आवश्यकता रहती है। विशेषकर मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र में अपर्याप्त संसाधन एवं कर्मचारियों के कारण पूर्ण रूप से हर समय क्षेत्र को साफ रखना मुश्किल रहता है, जिस कारण से देश विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों एवं स्थानीय नागरिको को गंदगी से परेशानी होती है। जनमानस में संसदीय क्षेत्र विशेषकर मथुरा-वृंदावन नगर निगम की छवि धूमिल होती है। इसलिए मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्र में साफ सफाई की व्यवस्था के लिए पर्याप्त अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई उपकरणों की व्यवस्था हेतु परियोजना स्वीकृत कराते हुए धन आवंटन करने के लिए आदेश करें।

511 करोड़ का एक्शन प्लान तैयार 

सांसद ने बताया कि वर्ष 2023 के अनुसार नगर निगम 194804 घरेलू भवन है जिनमें से 45065 नग हाउस होल्ड्स (23.13 प्रतिशत कवरेज) सीवरेज व्यवस्था से संतृप्त है एवं 117467 नग हाउस होल्ड्स (76.87 प्रतिशत कवरेज) का बड़ा अंतर है। सीवरेज व्यवस्था के लिए अमृत 2 में दिये गये निर्देशों के कम में नगर निगम की विस्तारित क्षेत्र को सम्मिलित करते हुये जल निगम (नगरीय) द्वारा नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था प्रदान किये जाने के लिए एक्शन प्लान 511 करोड़ का तैयार कर संबंधित विभाग द्वारा अपलोड किया जा चुका हैं।

समग्र विकास के लिए बड़ी परियोजना की जरूरत 

सांसद ने मंत्री को अवगत कराया कि मथुरा श्री राधाकृष्ण की लीला स्थली होने के कारण विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है जहाँ वर्षभर तीर्थ यात्रियों का आगमन रहता है, गत वर्षों में देखा गया है कि क्षेत्र में आने वाले यात्रियों की संख्या में कई गुना बड़ोत्तरी हुयी है जिस कारण से मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के साथ-साथ अन्य नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में भी मौजूदा संसाधनों एवं आधार भूत संरचनाओं की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। इसलिए प्रमुख सचिव नगर विकास की अध्यक्षता में एक टीम गठित कर संसदीय क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर मीटिंग के लिए निर्देशित करें ताकि मथुरा-वृंदावन नगर निगम, नगर पालिका एवं अन्य नगर पंचायतों की एक वृहद्ध परियोजना बनायी जा सकें।

मथुरा आएंगे प्रमुख सचिव अमृत अभिजात 

सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने बताया कि अगले 10 दिन के अंदर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के निर्देश पर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मथुरा जिले के लिए स्पेशल पैकेज पर स्थानीय अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करेगी। इसके अलावा इसी हफ्ते नगर विकास के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात मथुरा आकर प्रस्तावित परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा प्रभावी बैठक कर प्रस्तावों पर मोहर लगाएंगे।