BJP चली संघ की चालः लोकसभा चुनाव के लिए विस्तारकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

  • Saturday May 20 2023 - 10:54 PM
  •  

- संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री और यूपी के प्रदेश अध्यक्ष कर रहे शिरकत

- दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में चुनाव की रणनीति पर किया जा रहा मंथन

- प्रशिक्षण वर्ग में मीडिया और सामान्य पार्टी कार्यकर्ताओ की नो एंट्री

वृंदावन। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हुई करारी हार के बाद बीजेपी आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। यूपी के निकाय चुनाव और देश के अन्य राज्यों में हो रहे चुनावों की स्थिति को देखते हुए वह किसी तरह की कोर कसर छोडना नहीं चाहती। इसके बीजेपी द्वारा वृंदावन के रूक्मणी विहार स्थित दिल्ली धाम में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयेाजन किया जा रहा है। जिसमें बीेजेपी पूर्णकालिका विस्तारकों को प्रशिक्षत किया जा रहा है। इस शिविर में संगठन के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डीएल संतोष और प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी शिरकत कर रहे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयं सेवक के पदाधिकारी भी शामिल हो रहे हैं। 

पार्टी सूत्रों के अनुसार बीजेपी के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में पहले दिन पांच स़त्र 1.5 से दो घंटे के आयोजित किए गए हैं। जिसमें पहले सत्र में वर्ग का शुभारंभ किया गया। जबकि  अन्य चार सत्रों में आगामी लोकसभा चुनाव से पहले यूपी समेत सभी राज्यों से आए विस्तारकों से उनके राज्यों में बीजेपी और अन्य विरोधी दलों की स्थिति के बारे में चर्चा की गई। इसके अलावा यूपी की 80 सीटों पर बीजेपी की पैनी नजर है। क्योंकि यूपी सर्वाधिक सीटों वाला राज्य है। यूपी की लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका होती है। इसलिए यूपी सभी 80 सीटों पर पूर्ण कालिक विस्तारकों को पार्टी के लिए कार्य योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। 

पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन रविवार को तीन सत्र होंगे। जिनमें विस्ताकरों को जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही पार्टी हाईकमान द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए तैयार कार्य येाजना पर कार्य करने की संपूर्ण जानकारी दी जाएगी। गत लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी एक बार फिर बीजेपी के साथ संघ अपनी भूमिका निभाने के लिए एक्टिव मोड में आ गया है। 

काबिलेगौर बात यह है बीेजेपी भी अब संघ की चाल चलने लगी है। संघ की तर्ज पर गोपनीय तरीके से प्रशिक्षण वर्ग का आयेाजन किया जा रहा है। इसमें मीडिया का प्रवेश नहीं है। न ही बीजेपी के सामान्य कार्यकर्ताओं को प्रवेश की अनुमति है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सिर्फ विस्तारकों के साथ-साथ प्रशिक्षणकर्ता भाजपा एवं संघ के पदाधिकारियों की एंट्री है।