दाऊजी का हुरंगा: मंदिर में जमकर बरसा रंग, हुरियारिनों ने बरसाए प्रेम पगे कोड़े
मथुरा। बल्देव में जब विश्व प्रसिद्ध हुरंगा मंदिर प्रांगण में हुआ तो बल्देव नगरी देवलोक नजर आई। सतरंग गुलाल और टेसू के फूलों से बना रंग और फूलां की वर्षा के साथ गोपी स्वरूप महिलाओं ने गोप स्वरूप हुरियारों के नंगे बदन पर तड़ातड़ पोतना स्वरूप कोड़े बरसाए। ब्रज के इस अनूठे हुरंगा को देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। होली के रसिया, ढोल, नगाड़े और नफीरी से मंदिर गुंजायमान हो गया। चहुंओर हुरंगा की मस्ती छाई रही।
मथुरा से 12 किलोमीटर दूरी पर स्थित बल्देव में श्री दाऊजी महाराज का हुरंगा के नायक शेषावतार श्री दाऊजी महाराज हैं।हुरंगा के दौरान मंदिर प्रांगण में सर्वप्रथम दाऊजी महाराज और ब्रजांगनाओं का आवहान किया गया। पाण्डे समाज की महिलाएं और पुरूष हाथों में होली खेलने के लिए बाल्टी लोटा लेकर पहुंचे। हुरंगा में सर्वप्रथम होली के रसियाओं का क्रम शुरू हुआ। इसके बाद पुरूष समाज की महिलाओं पर यानि हुरियारिनो पर टेसू का रंग बाल्टी और लोटाओ से डालने लगे। इसके जवाब में हुरियारिनें हुरियारों के कपड़े फाडती हैं और फर उन्ही कपड़ों से मंदिर प्रांगण में भरे टेसू के रंग से बोर कर पोतना बनाकर उन्हीं को मारती हैं।
हुरंगा के दौरान महिलाएं यानि हुरियारिनें यह भी नहीं देखती कि आखिर सामने उनकी उम्र से छोटा है या बड़ा, ज्येष्ठ है या फिर देवर वह सभी को हुरियारे के रूप में देखती हैंं और अब कोड़े बरसाते हैं। यह क्रम करीब डेढ से दो घंटे तक लगातार चलता है। इस बीच मंदिर के छत और छज्जों से अबीर गुलाल हुरियारों और हुरियारिनों पर बरसाया जाता है। चारों तरफ टेसू का रंग और अबीर गुालल ही नजर आता है। हुरंगा के समापन पर हुरियारे मंदिर और उसके पीछे बने खीर सागर यानि कुण्ड की परिक्रमा लगाते हैं और अपने-अपने घर चले जाते हैं। फिर शाम को हुरियारिनें यानि पाण्डे समाज की महिलाएं सजधज का मंदिर पहुंचती हैं वहीं समाज के पुरूष भी अपने पारंपरिक पोषाक में मंदिर पहुंचते हैं और सामूहिक नृत्य करते हैं और एकदूसरे को बधाई देते हैं। इस दौरान मंदिर में पाण्डेय समाज के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति या समाज के लोग प्रवेश नहीं होता है।
बलदेव के विश्व प्रसिद्ध हुरंगा में 8 क्विंटल टेसू के फूल, ढाई क्विंटल केसरिया रंग, 11 क्विंटल विभिन्न प्रकार के अबीर-गुलाल, 11 क्विंटल व विभिन्न प्रकार के फूलों का प्रयोग होता है। टेसू का रंग प्राकृतिक रूप से तैयार किया जाता है। इसमें केसर, चूना, फिटकरी मिलाकर शुद्ध रूप से प्राकृतिक बनाया जाता है। गुलाल को मशीनों द्वारा उड़ाया जाता है। पानी व रंगों के फव्वारे लगाए जाते हैं।
हुरंगे में हुरियारे-हुरियारिनों पर टेसू के रंग डालते हैं, वहीं हुरियारिनें हुरियारों के कपड़े फाड़कर कोड़े बनाती हैं और पिटाई करती हैं। गोपिकाएं उलाहना मारते हुए कहती हैं ‘होली में खेले मतवारौ हुरंगा है दाऊजी महाराज’। इन गीतों व रसिया की धुन पर होते हुरंगा को देख लोग आनंदित हो जयकारे लगाते हैं।



