मथुरा में मालगाड़ी के 13 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल मार्ग बाधित, रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
मथुरा। दिल्ली–आगरा रेल मार्ग पर मंगलवार रात वृंदावन रोड और अझई रेलवे स्टेशन के बीच बड़ा रेल हादसा हो गया। मालगाड़ी के 13 डिब्बे पटरी से उतरने के बाद अप, डाउन और तीसरी लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। रेलवे प्रशासन ने तत्काल हेल्पलाइन डेस्क स्थापित कर दी है और राहत कार्य में जुट गया है।
घटना मंगलवार रात लगभग 8:03 बजे हुई, जब PMRG/32335+33560 मालगाड़ी, जिसमें कोयला लदा था, वृंदावन रोड और अझई स्टेशन के बीच पोल संख्या 1408 के पास पटरी से उतर गई। तेज आवाज के साथ एक के बाद एक 13 वैगन पटरी से उतर गए, जिनमें से कई ट्रैक पर पलट गए और कोयला बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, जैंत पुलिस और तकनीशियनों की टीम मौके पर पहुंची है। क्रेन और तकनीशियनों की मदद से डिब्बों को रेलवे ट्रैक से हटाने और ट्रैक पर ट्रेन का आवागमन बहाल करने के प्रयास किया जा रहा हैं। रेलवे प्रशासन ने ट्रेन किन कारणों से डिरेल हुई, इसकी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। शुरूआती जांच में ट्रैक में तकनीकि खराबी एवं ओवरलोडिंग की संभावित वजह बताई जा रही है। घटना के बाद दिल्ली आगरा रेल मार्ग पर कई एक्सप्रेस और पैंसेजर ट्रेनों को कई स्टेशनों पर रोका गया है। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और तकनीकी टीमें मौके पर पहुँचीं। रेलवे के कहने पर मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने जेसीवी मशीनों को राहत कार्य के लिए घटना स्थल भेजा है।
क्रेन और भारी मशीनों की मदद से ट्रैक को खाली करने और रेल आवागमन बहाल करने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, और रिस्टोरेशन कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे समेत वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
ट्रेनों की स्थिति और रूट डायवर्जन
- हादसे के कारण दिल्ली–आगरा रेल मार्ग पर कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा है। पंजाब मेल सहित चार ट्रेनों को मथुरा जंक्शन पर रोका गया है।
- रेलवे के अनुसार:अप रूट की मेवाड़ एक्सप्रेस, हरिद्वार–बांद्रा एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस
- डाउन रूट की नंदा देवी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस आवागमन प्रभावित हुआ है।
- दिल्ली क्षेत्र से प्रस्थान करने वाली सभी अप ट्रेनें एवं पश्चिम रेलवे / पश्चिम मध्य रेलवे जाने वाली ट्रेनों को रेवाड़ी–अलवर–जयपुर–सवाई माधोपुर–कोटा–बीना मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
रेलवे हेल्पलाइन नंबर
प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं -
मथुरा: 0565-2402008, 0565-2402009
आगरा कैंट: 0562-2460048, 0562-2460049
धौलपुर: 0564-2224726
टूंडला: 7392959711
इटावा: 7525001249
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और धैर्य बनाए रखें, क्योंकि ट्रैक बहाली का कार्य पूरी तेजी से चल रहा है।
संभावित कारण और जांच
प्रारंभिक जांच में ट्रैक की तकनीकी खराबी और मालगाड़ी में ओवरलोडिंग को संभावित कारण बताया जा रहा है। रेलवे ने इस घटना की आंतरिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
रात में चौथी लाइन से संचालन जारी
तीन लाइनों पर आवागमन बाधित होने के बावजूद, चौथी लाइन से ट्रेनों का संचालन जारी रखा गया है ताकि आपातकालीन ट्रेनों को गुजारा जा सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक बहाली कार्य देर रात तक पूरा कर लिया जाएगा।



