दो मंदिरों के विवाद में उलझी स्मार्ट सिटी योजना
दो मंदिरों के विवाद में उलझी स्मार्ट सिटी योजना, 9 माह से अधर में लटका 24.5 करोड़ का विकास कार्य
- रंगजी मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर ब्रेक, एएसआई की एनओसी बनी बाधा
- गोविंद देव मंदिर के संरक्षण क्षेत्र में आने से खड़ा हुआ अधिकार विवाद
वृंदावन। नगर के दो प्रमुख और ऐतिहासिक मंदिरों के बीच उत्पन्न अधिकार विवाद के चलते करोड़ों रुपये की स्मार्ट सिटी योजना उलझकर रह गई है। विवाद का निस्तारण होने के बाद ही कार्यदायी संस्था भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए आगे कदम बढ़ा सकेगी। इसके बाद ही पिछले नौ माह से अधर में लटकी स्मार्ट सिटी योजना के कार्य को गति मिल पाएगी।
शासन की स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत श्रीरंग मंदिर से रंगजी के बड़ा बगीचा तक साढ़े 24 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है। यह पूरा क्षेत्र एएसआई द्वारा संरक्षित प्राचीन गोविंद देव मंदिर की 300 मीटर की परिधि में आता है। इसी कारण योजना के लिए एएसआई से एनओसी लेना अनिवार्य हो गया।
जब जल निगम की सीएनडीएस शाखा द्वारा एक मंदिर के नाम से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को एनओसी के लिए फाइल अग्रसारित की गई, तो प्रस्तावित क्षेत्र के अधिकार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। प्राचीन श्री गोविंद देव मंदिर और श्री रंगनाथ मंदिर—दोनों ने इस क्षेत्र पर अपना अधिकार जताते हुए न्यायालय की शरण ले ली।
मंदिरों के बीच उत्पन्न विवाद के चलते एएसआई को भेजी गई एनओसी फाइल वापस लौट आई, जिससे स्मार्ट सिटी योजना का कार्य पिछले छह से नौ माह से पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इस योजना पर कार्य कर रही जल निगम की सीएनडीएस शाखा के अधिकारी फिलहाल मंदिरों के बीच चल रहे कानूनी विवाद के निस्तारण का इंतजार कर रहे हैं। विवाद सुलझने के बाद किसी एक मंदिर के पक्ष में एएसआई से एनओसी मिलने पर ही योजना पर दोबारा काम शुरू हो सकेगा।
इस योजना के अंतर्गत सीएनडीएस द्वारा संरक्षण क्षेत्र की परिधि से बाहर पार्किंग स्थल का सीसी निर्माण कराया जा चुका है। इसके बाद नाले के निर्माण का कार्य भी शुरू किया गया था, लेकिन विद्युत विभाग की हीलाहवाली के चलते ट्रांसफार्मर नहीं हटाए जाने के कारण बीते तीन माह से नाले का कार्य भी अधर में लटका हुआ है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत 24.5 करोड़ रुपये से होने थे ये प्रमुख कार्य
शासन द्वारा स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत लगभग साढ़े 24 करोड़ रुपये की योजना एक वर्ष पूर्व स्वीकृत की गई थी। योजना का उद्देश्य वृंदावन क्षेत्र की समग्र स्थिति में सुधार लाना है। इसके अंतर्गत संरचनात्मक विकास के साथ-साथ ऐतिहासिक और पौराणिक स्वरूप को संजोने पर विशेष जोर दिया गया है।
पुराने मंदिरों, कुंजों, आश्रमों एवं ऐतिहासिक महत्व वाले भवनों की बाहरी दीवारों और स्थापत्य कला को संवारकर वृंदावन के पौराणिक स्वरूप को और अधिक निखारने की योजना है। सरकारी एवं निजी भवनों की बाउंड्री वॉल को नया रूप दिया जाएगा। पार्किंग क्षेत्रों में कलात्मक टाइल्स लगाई जाएंगी।
मुख्य मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा तथा फुटपाथों के किनारे कर्ब स्टोन लगाए जाएंगे। इसके साथ ही रेड स्टोन की बेंच और पत्थर के सुरक्षा स्तंभ लगाए जाने का भी प्रस्ताव है।
श्री रंगजी मंदिर एवं प्राचीन गोविंद देव मंदिर के बीच प्रस्तावित क्षेत्र के अधिकार को लेकर मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। विवाद के निस्तारण के बाद ही एएसआई से एनओसी की फाइल को पुनः आगे बढ़ाया जाएगा। इसके पश्चात ही स्मार्ट सिटी योजना का कार्य शुरू हो सकेगा। संभवतः एक माह के भीतर विवाद का समाधान हो जाने की उम्मीद है।
— रवि शंकर, जेई, जल निगम, सीएनडीएस शाखा



