प्रभु राधाकृष्ण ने इस्कॉन मंदिर में किया नौकाविहार

  • Saturday March 26 2022 - 10:07 AM
  •  

  • कई देशों के कृष्ण भक्तोें ने प्रभु का महाप्रसाद ग्रहण किया 
  • विदेशी भक्तोें ने कैमरों में संजोए प्रभु लीला के पल

वृंदावन। इस्कॉन मंदिर में गौरपूर्णिमा महोत्सव पर अपने आराध्यदेव राधाकृष्ण को मंदिर परिसर में नौकाविहार कराया। सैकड़ों देशी-विदेशी श्रद्धालुओं ने महामंत्र की सुमधुर ध्वनि के बीच प्रभु दर्शन कर प्रभु की लीला का आनन्द लिया।  

गौरपूर्णिमा के महोत्सव के दौरान एक बार फिर इस्कॉन मंदिर में भगवान कृष्णबलराम एवं राधारानी ने नौकाविहार कर भक्तों को दर्शन दिए। सर्वप्रथम देशी विदेशी कृष्ण भक्तों ने शंखध्वनि के बीच प्रभु के श्रीविग्रह का अभिषेक किया। इसके पश्चात मंदिर परिसर में सुगंधित पुष्पों से सजी नौका में भगवान के श्रीविग्रहों को जयकारों के बीच विराजमान किया।

मंदिर परिसर में यह नौका रशिया और यूरोप से आए भक्तों ने सुगंधित रंगबिरंगे पुष्पों से स्वयं सजाकर प्रभु सेवा का लाभ लिया। पुष्पों से शोभायमान नौका में विराजमान हो विहार कर रहे प्रभु के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो गए। पूरे उल्लास के साथ नौका विहार लीला का भरपूर आनन्द लिया। उन्होंने मृदंग, हारमोनियम एवं अन्य वाद्ययंत्रों के साथ महामंत्र का संगीतमय गायन किया। इसके पश्चात प्रभु का नौका में ही प्रसाद लगाया गया और भक्तों के बीच वितरित किया गया।

नौकाविहार के दर्शनों का यह शाम पांच बजे से शुरु होकर देर शाम तक जारी रहा। भक्तों ने इस मनोहारी भक्तिमय पलों को अपने कैमरों में संजोया। प्रभु की छवि पाने की भक्तों में होड़ लगी रही।

इस्कॉन के रविलोचनदास ने बताया कि यह नौका विहार महोत्सव गौरपूर्णिमा पर्व पर प्रतिवर्ष किया जाता है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। हरिनाम संकीर्तन के साथ महाप्रसाद सभी भक्तों को प्रदान किया गया।