ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के नाम पर अवैध वसूली और दीपदान के फर्जी पोस्ट वायरल, FIR दर्ज
वृंदावन। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर और कार्तिक मास में दीपदान के नाम पर श्रद्धालुओं से ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। मंदिर के नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्टर वायरल करने वाले शातिर के खिलाफ थाना वृंदावन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर कार्तिक मास (दीपदान महोत्सव 27.10.2026 से 24.11.2026) के नाम से एक भ्रामक पोस्टर और वीडियो वायरल किया जा रहा था। इसमें तुलसी पूजा और दीपदान के नाम पर देवी-देवताओं की कृपा व राजसी सुख प्राप्ति का लालच देकर श्रद्धालुओं से नाम और गोत्र लिखकर पैसे भेजने को कहा जा रहा था। इसके लिए मोबाइल नंबर (9027768322, 9837230560) और एक यूपीआई (UPI) आईडी जारी की गई थी।
सेवायत ने जताई आपत्ति
जब इस वायरल पोस्ट की जांच उपनिरीक्षक द्वारा की गई, तो बांके बिहारी मंदिर के सेवायत सुमित गोस्वामी से संपर्क किया गया। सेवायत ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का कृत्य न केवल मंदिर की पवित्रता और मर्यादा के विरुद्ध है, बल्कि इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंची है। इस संबंध में हाई पावर कमेटी को भी अवगत कराया गया था।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी अजीत निवासी वृंदावन व अन्य के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में FIR दर्ज कर आगे की जांच उपनिरीक्षक अवधेश कुमार को सौंप दी है। पुलिस वायरल पोस्ट, मोबाइल नंबर और UPI आईडी के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।
प्रशासन की अपील
श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया पर ऐसे किसी भी फर्जी प्रलोभन या नंबरों के झांसे में न आएं और केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें।



