अद्भुत है ब्रज की फूल बंगला परंपरा
अद्भुत है फूल बंगला परंपराः मुगलकाल में वृंदावन से देव मूर्तियों के साथ देश-विदेश तक पहुंची पुष्प श्रृंगार कला
वृंदावन। ब्रजभूमि की सांस्कृतिक धरोहर फूल बंगला परंपरा न केवल भक्ति और कला का अद्भुत संगम है, बल्कि यह ऐतिहासिक रूप से देश-विदेश तक फैल चुकी परंपरा है। ग्रीष्मकाल में ठाकुरजी के श्रृंगार के रूप में की जाने वाली यह पुष्पसेवा न केवल भक्ति का अनुपम उदाहरण है बल्कि कला, संस्कृति और इतिहास का भी जीवंत दस्तावेज है। वृंदावन के मंदिरों में आरंभ हुई यह परंपरा मुग़ल काल के दौरान ब्रज से बाहर राजस्थान और गुजरात तक पहुँची और बाद में देश-विदेश में लोकप्रिय हुई।
मुग़ल काल में फैली कला
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामी एवं इतिहासकार आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी बताते हैं कि मुगल शासक औरंगजेब की कट्टरता के कारण जब ब्रज के मंदिरों की मूर्तियों को जहां-जहां भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया, तब उनके साथ फूल बंगला निर्माण की कला भी अन्य क्षेत्रों में पहुंची। वहां स्थानीय कलाकारों ने ब्रज की इस कला को सीखा और आगे बढ़ाया। इस तरह ब्रज की यह परंपरा पूरे भारत में मंदिरों और उत्सवों का हिस्सा बन गई।
प्रमुख घराने और कलाकार
ब्रज में फूल बंगला कला के विकास में तीन प्रमुख घरानों - बांकेबिहारी घराना, राधाबल्लभ घराना और गोपेश्वर घराना का उल्लेखनीय योगदान रहा है। छबीले महाराज जैसे कलाकारों ने जाल तोड़ने, केले की पच्चीकारी और कागज-गोटा सजावट में नई ऊंचाइयां दीं। उनके पितामह लक्ष्मीनारायण और पिता आचार्य ब्रजवल्लभ भी इस कला के अप्रतिम साधक थे। उनके द्वारा बनाई गई नाचती हुई सखियां और रूई का बोलता हुआ लंगूर आज भी मिसाल हैं।
फूल बंगला निर्माण की प्रक्रिया
फूल बंगला बनाने में लगभग 100 हिस्सों में बंटी लकड़ी की टटियाओं का उपयोग होता है। इन पर मौगरा, मौलश्री, गुलाब, गेंदा, रजनीगंधा जैसे फूलों की लड़ियां सजाई जाती हैं। इसके बाद कमल, अष्टकमल, गुलाब, स्वास्तिक आदि आकृतियों के जाल तोड़े जाते हैं। केले की पत्तियों और कागज पर अंकित होली, झूलनोत्सव, कालिया मर्दन, महारास जैसी लीलाएँ दर्शकों को आकर्षित करती हैं।
संस्कृति, भक्ति और प्रकृति का संगम
फूल बंगला श्रृंगार केवल सजावट भर नहीं है, बल्कि इसमें कला, संस्कृति और भक्ति का अनोखा संगम दिखाई देता है। सुगंधित फूल और इत्र वातावरण को स्वर्गिक बना देते हैं। भक्तों को यह अनुभव होता है मानो ठाकुर जी के दरबार में दिव्य लोक का दर्शन हो रहा हो। यही कारण है कि यह परंपरा न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अतुलनीय है।
आर्थिक और सामाजिक महत्व
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामी आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि आज फूल बंगला निर्माण केवल भक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कई कलाकारों के लिए व्यवसाय का साधन भी बन चुका है। बड़े आयोजनों के लिए फूल दिल्ली, अहमदाबाद और बैंगलोर जैसे शहरों से मंगाए जाते हैं। वर्ष में केवल 109 दिनों तक विशेष बंगलों का निर्माण होता है, जिसकी बुकिंग महीनों पहले करनी पड़ती है। फूल बंगला परंपरा वृंदावन की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है। यह कला भक्ति, प्रकृति और रचनात्मकता का ऐसा अनूठा उदाहरण है, जो भक्तों को आत्मिक शांति और आनंद से भर देती है। यही वजह है कि ब्रजभूमि की यह विरासत आज भी विश्वभर में अपनी पहचान बनाए हुए है।



