मंदिर की पैड़ी पर क्यों बैठते हैं? जानिए इसके पीछे का पौराणिक रहस्य और जरूरी नियम
सनातन धर्म में मंदिर दर्शन के बाद बाहर आकर सीढ़ियों (पैड़ी या ऑटले) पर थोड़ी देर बैठने की प्राचीन परंपरा है। बड़े-बुजुर्ग हमेशा दर्शन के बाद कुछ पल पैड़ी पर बैठने की सलाह देते हैं। हालांकि, आजकल लोग अक्सर यहां बैठकर राजनीति या व्यापार की बातें करने लगते हैं, जबकि शास्त्रों में इसका एक विशेष आध्यात्मिक उद्देश्य बताया गया है।
मंदिर की पैड़ी पर बैठकर जपें यह प्रसिद्ध श्लोक
मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर भगवान का ध्यान करते हुए इस श्लोक का उच्चारण करना चाहिए:
अनायासेन मरणम्, बिना देन्येन जीवनम्।
देहान्त तव सानिध्यम्, देहि मे परमेश्वरम्।।
श्लोक का सरल अर्थ:
-
अनायासेन मरणम्: बिना किसी लंबे कष्ट, बीमारी या बिस्तर पर पड़े प्राण निकलें।
-
बिना देन्येन जीवनम्: जीवन कभी परवशता या लाचारी का न हो; किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े।
-
देहान्त तव सानिध्यम्: जब भी मृत्यु का समय आए, भगवान का साक्षात सानिध्य प्राप्त हो (जैसे भीष्म पितामह के सम्मुख स्वयं श्रीकृष्ण खड़े थे)।
-
देहि मे परमेश्वरम्: हे परमेश्वर! मुझे ऐसा ही निष्कंटक जीवन और मृत्यु का वरदान दें।
दर्शन करते समय रखें इन बातों का विशेष ध्यान
-
खुली आंखों से करें दर्शन: मंदिर के अंदर भगवान के स्वरूप, चरणों, मुखारविंद और श्रृंगार का खुली आंखों से दर्शन कर उनका आनंद लें। गर्भगृह के सामने आंखें बंद करके खड़े न रहें।
-
बाहर बैठकर करें ध्यान: मंदिर से बाहर आने के बाद पैड़ी पर बैठें और आंखें बंद करके भगवान के उसी स्वरूप का ध्यान करें।
-
पुनः दर्शन की विधि: यदि बंद आंखों में भगवान का स्वरूप याद न आए, तो दोबारा अंदर जाकर दर्शन करें और फिर बाहर आकर नेत्र बंद करके श्लोक का पाठ करें।



