ठाकुर श्रीबांकेबिहारी दिवाली से होली तक चांदी की हठरी में विराजित होंगे
वृंदावन। दीपावली के पावन पर्व पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज एक बार फिर अपने पारंपरिक स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे। दिवाली के दिन से गर्भगृह में स्थापित चांदी का खुला सिंहासन बदल दिया जाएगा और उसके स्थान पर भव्य चांदी की जड़ित 'हठरी' (सिंहासननुमा विशेष आच्छादन) स्थापित की जाएगी।
मंदिर के सेवायत अशोक गोस्वामी ने जानकारी दी कि यह परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। दिवाली के दिन से लेकर होली की एकादशी तिथि तक ठाकुरजी इसी चांदी की हठरी में विराजमान रहकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।
क्या है हठरी की विशेषता?
वर्तमान में ठाकुरजी गर्भगृह में चांदी के खुले सिंहासन पर विराजमान हैं, जिसे होली की एकादशी के बाद बदला गया था। वहीं, दिवाली के दिन से स्थापित होने वाली हठरी ऊपर से घर के दरवाजेनुमा और विशेष चांदी के नक्काशीदार बॉर्डर से जड़ित होती है।
मंदिर के सेवायत इस ऐतिहासिक बदलाव और भव्य सजावट की तैयारियों में पूरी तन्मयता से जुट गए हैं, ताकि दिवाली पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को ठाकुरजी के इस अलौकिक और पारंपरिक स्वरूप के दर्शन सुलभ हो सकें।



