दिल्ली कोर्ट से बरी होने के बाद वृंदावन पहुंचे ब्रजभूषण शरण सिंह, बोले- 'विपक्ष ने रचा था षड्यंत्र'

  • Wednesday August 05 2026 - 12:47 PM
  •  

वृंदावन। महिला पहलवानों से जुड़े मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। कोर्ट का फैसला आने के बाद अपने घर जाने से पहले वे वृंदावन के वाराह घाट स्थित संत रितेश्वर महाराज के आश्रम 'आनंद लाडली धाम' पहुंचे। आश्रम पहुंचने पर सेवादारों ने तिलक लगाकर और माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।

गुरु दर्शन, ध्यान और भगवान शिव का रुद्राभिषेक

ब्रजभूषण शरण सिंह ने अपने गुरु संत रितेश्वर महाराज के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों के बीच लगभग आधे घंटे तक एकांतिक बातचीत हुई। इसके बाद पूर्व सांसद ने महाराज जी के साथ आश्रम की कुटिया में ध्यान लगाया और आश्रम स्थित शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।

पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि वे फैसले से पहले भी नागपुर जाकर संत रितेश्वर महाराज से मिले थे और अब बरी होने के बाद भी उनका आशीर्वाद लेने आए हैं। विनेश फोगाट के हाईकोर्ट जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनका संवैधानिक अधिकार है। वहीं राजनीति में अपनी पुनः सक्रियता को लेकर उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी की चौपाई दोहराते हुए कहा- "होइहि सोइ जो राम रचि राखा"|

विपक्ष और प्रदर्शनकारियों पर बोला हमला

अपने खिलाफ लगे आरोपों और मामलों पर बोलते हुए ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उनके खिलाफ एक बहुत बड़ा षड्यंत्र रचा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन के पीछे कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, ममता बनर्जी, लेफ्ट-राइट दल और 'टुकड़ा-टुकड़ा गैंग' का हाथ था। उन्होंने दोहराया, "मैंने पहले दिन ही कहा था कि अगर मेरे खिलाफ एक भी आरोप सत्य साबित हो गया, तो मैं खुद फांसी पर चढ़ जाऊंगा।"

संत रितेश्वर महाराज ने जताई प्रसन्नता

इस अवसर पर संत रितेश्वर महाराज ने कहा कि न्यायपालिका द्वारा धर्म और सत्य के रास्ते पर चलते हुए न्याय प्रदान किया गया है। उन्होंने ब्रजभूषण शरण सिंह को अपने पुत्र समान बताते हुए कोर्ट के फैसले पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की।