चैंपियन ट्राफी : विराट कोहली के 51वें शतक की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से रौंदा

  • Saturday March 01 2025 - 01:02 AM
  •  

दुबई। विराट कोहली की शानदार 51 वीं सेंचुरी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी के लीग मैच में छह विकेट से बुरी तरह से रौंद दिया है। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की है लगातार दूसरी हार है तो भारत की है दूसरी जीत है। आज के मैच से पूर्व भारत ने बांग्लादेश को भी 6 विकेट से पराजित किया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर सिमट गई थी। जवाब में भारत ने 42.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली ने वनडे करियर का 51वां शतक लगाया। वह 111 गेंद 100 रन बनाकर नाबाद रहे।

खुशदिल शाह ने श्रेयस अय्यर को इमाम के हाथों कैच कराया। वह 67 गेंद पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस ने कोहली के साथ 114 रन की साझेदारी निभाई। शाहीन अफरीदी ने हार्दिक पांड्या को विकेटकीपर रिजवान के हाथों कैच कराया। वह आठ रन बना सके। स्पिनर अबरार अहमद ने शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया। 52 गेंद में सात चौके की मदद से 46 रन बना सके । रोहित 15 गेंद में 20 रन बना सके।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को बाबर आजम और इमाम उल हक ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को हार्दिक पांड्या ने तोड़ा। उन्होंने बाबर को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंद पर पांच चौके की मदद से 23 रन बना सके। इसके अगले ही ओवर में इमाम उल हक भी रन आउट हो गए। वह 26 गेंद में 10 रन बना सके। 47 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद सऊद शकील और कप्तान मोहम्मद रिजवान ने पारी संभाली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी हुई। इस बीच शकील ने वनडे करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने तोड़ा।

उन्होंने रिजवान को क्लीन बोल्ड किया। वह 77 गेंद में तीन चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही फिर से विकेट की झड़ी लग गई। शकील भी 76 गेंद में पांच चौके की मदद से 62 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। तैयब ताहिर चार रन और सलमान अली आगा 19 रन बनाकर आउट हुए। सलमान को कुलदीप और तैयब को जडेजा ने पवेलियन भेजा। शाहीन अफरीदी खाता नहीं खोल सके। नसीम शाह 14 रन और हारिस रऊफ आठ रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप और हार्दिक के अलावा हर्षित राणा, अक्षर और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।