Banke Bihari Corridor: सुप्रीम कोर्ट ने गोस्वामी पक्ष के वकीलों को लगाई फटकार, कहा- “ये गेम्स बंद करो!”

  • Thursday July 31 2025 - 03:35 PM
  •  

  • मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा- ''बार-बार एक ही मुद्दे के उठाने का खेल बंद करें''

वृंदावन। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को वृंदावन के श्री बंाकेबिहारी मंदिर से जुडे़ विवाद की सुनवाई के दौरान गोस्वामी परिवार की ओर से पेश हुए वकीलों को सख्त लहजे में फटकार लगाई। मुख्य न्यायाधीश बी.आर.गवई, सतीश चन्द्र शर्मा एवं के विनोद चन्द्रन की तीन सदस्यीय पीठ ने स्पष्ट शब्दों मे चेतावनी दी है कि बार-बार एक ही मुद्दे को उठाना बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता नवीन पहवा एवं के नटराजन ने अदालत को बताया कि गोस्वामी पक्ष पहले ही मुख्य न्यायाधीश के समक्ष सभी संबन्धित मामलांे को एक पीठ से दूसरी पीठ में स्थानांतरित करने की मांग कर चुका है। इससे जुड़ा विवाद  पहले से ही न्यायमूर्ति सतीश चन्द्र शर्मा की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध है। जब गोस्वामी पक्ष के वकील ने इस विषय में बोलने का प्रयास किया तो पीठ ने तीखी प्रक्रिया दी, ‘‘रूकिये, कल ही आपने ये मामला मेरे सामने उठाया था। कल ही मैं इस मामले को खारिज कर चुका हूँ और आज आप फिर से इसी विषय को उठा रहे हैं। इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नही किया जायेगा। ऐसा आप नही कर सकते हैं। आप इस तरह के खेल-खेलना बंद कीजिए। सुप्रीम कोर्ट की यह सख्त टिप्पणी सुनकर गोस्वामी पक्ष के वकील असहज होने के साथ ही चुप हो गए। 

 पीठ ने चेतावनी दी कि अगर इस तरह की पुनरावृत्ति की गयी और मामला जानबूझकर अन्य पीठ के समक्ष पेश किया गया तो वकील के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही की जायेगी। मुख्य न्यायाधीश ने गोस्वामियों के पक्ष को प्रस्तुत करने के लिए उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के जूनियर शिवांश पांण्डया के विरूद्ध न्यायालय की अवमानना की कार्यवाही आरम्भ करने का निर्देश दिया किन्तु जस्टिस सतीश चन्द शर्मा ने सदाशयता का परिचय देते हुए कार्यवाही को आगे नहीं बढाया।

यह मामला वृन्दावन के स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर से सम्बन्धित है। जहां गोस्वामी परिवार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के बीच अधिकार एवं प्रबंधन को लेकर तीन वर्ष से विवाद चल रहा है। 27 जुलाई को गोस्वामियों ने मंदिर प्रबंधन समिति की ओर सुप्रीम कोर्ट के समक्ष मंदिर प्रबंधन के सरकारी अध्यादेश के विरूद्ध याचिका दायर की थी।

  • श्रीबांकेबिहारी मंदिर से जुड़ी सभी याचिकाएं एक स्थान पर ही सुनी जाएंगी। इसका अधिकार केवल मुख्य न्यायाधीश को है। उन्होंने सभी याचिकाओं को समिलित करने का आदेश दिया हैै। संभवतः अगले एक हफ्ते में एक ही बैंच में सुनवाई शुरू जाएगी। इसका निर्णय दो दिन पहले हुई सुनवाई में ही हो चुका है। 
    - नरेंद्र कुमार गोस्वामी, याचिकाकर्ता व अधिकक्ता  

  •  सुनवाई के लिए लिखित तौर पर देने वाले याचिकाकर्ता के अधिवक्ता को शायद यह जानकारी नहीं होगी कि 28 एवं 29 जुलाई को हुई सुनवाई में यह तय हो गया था कि मुख्य न्यायाधीश की कोर्ट में ही इस पर आगे सुनवाई होगी। पर्याप्त जानकारी न होने के कारण सुप्रीम कोर्ट में ऐसा हुआ। 

       - रजत गोस्वामी, सेवायत, श्रीबांकेबिहारी मंदिर