बॉलीवुड अभिनेता और हिंदी सिनेमा के “ही-मैन” धर्मेंद्र
धर्मेंद्र हेल्थ अपडेट: अस्पताल कर्मी ने परिवार का निजी वीडियो लीक किया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और हिंदी सिनेमा के “ही-मैन” धर्मेंद्र को हाल ही में तबीयत बिगड़ने के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 89 वर्षीय अभिनेता की सेहत को लेकर पूरे देश और विदेश में उनके फैंस चिंतित थे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहे थे। इस बीच अस्पताल के अंदर से धर्मेंद्र और उनके परिवार का एक निजी वीडियो लीक हो गया, जिससे पूरे बॉलीवुड में आक्रोश फैल गया।
अस्पताल कर्मचारी गिरफ्तार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल के एक कर्मचारी ने धर्मेंद्र और देओल परिवार का निजी वीडियो चुपके से शूट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में धर्मेंद्र अस्पताल के बेड पर लेटे दिखाई दे रहे हैं। उनके आसपास बेटे सनी देओल और बॉबी देओल, पोते करण देओल और राजवीर देओल, और पहली पत्नी प्रकाश कौर बैठी नजर आ रही हैं। यह वीडियो परिवार के बेहद निजी पल को दिखाता है, जिसे पब्लिक प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जाने से फैंस और इंडस्ट्री के लोगों ने नाराजगी जताई है।
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने उस अस्पताल कर्मचारी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जिसने यह वीडियो रिकॉर्ड किया था। ब्रीच कैंडी अस्पताल प्रबंधन ने भी जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करने की बात कही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। अस्पताल अब सुरक्षा और गोपनीयता के नियमों को और सख्त करने जा रहा है।
धर्मेंद्र को मिली अस्पताल से छुट्टी
12 नवंबर की सुबह धर्मेंद्र के परिवार ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि अभिनेता को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। बयान में कहा गया “श्री धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वे अब घर पर स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। हम मीडिया और जनता से निवेदन करते हैं कि किसी भी तरह की अटकलें न लगाएं और परिवार की गोपनीयता का सम्मान करें। हम सभी का प्रेम, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हैं। कृपया उनका सम्मान करें, क्योंकि वे आप सबको बहुत प्यार करते हैं।”
धर्मेंद्र आखिरी बार फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में नजर आए थे। अब वे निर्देशक श्रीराम राघवन की आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ में आगस्त्य नंदा और सिमर भाटिया के साथ नजर आएंगे। फिलहाल, धर्मेंद्र घर पर आराम कर रहे हैं और फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।



