संत प्रेमानंद के शिष्य रसिक दुलारी शरण एक और वीडियो सामने आया,धोती पर खून के निशान, छत की ओर जाते दिखे शिष्य

  • Tuesday October 06 2026 - 12:33 AM
  •  

वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज के 25 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी शरण की मौत से जुड़ा एक और नया वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस तीसरे वीडियो में रसिक दुलारी सीढ़ियों से छत की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं, और उनकी धोती पर खून के निशान साफ नजर आ रहे हैं। इस नए वीडियो के सामने आने के बाद मौत से पहले की परिस्थितियों को लेकर जांच और गहरा गई है।

बता दें कि रसिक दुलारी ने 25 सितंबर की सुबह वराह घाट स्थित 'कृपा कुंज' आश्रम की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। 26 सितंबर को यमुना किनारे उनका अंतिम संस्कार किया गया था। घटना के दो दिन बाद उनके कूदने का पहला वीडियो सामने आया था। इसके बाद दूसरे वीडियो में वह छत की बाउंड्री पर बैठे दिखे और करीब छह सेकंड बाद फर्श पर लेटने के बाद अचानक उठकर छलांग लगाते नजर आए थे।

पुलिस की जांच और सुरक्षा पर उठे सवाल

मामले में पुलिस अब तक आश्रम से जुड़े 30 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। हालांकि, इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं:

यदि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आश्रम से सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) कब्जे में ले लिया था, तो बहुमंजिला इमारत के अंदर के ये सीसीटीवी फुटेज लगातार सोशल मीडिया पर कैसे वायरल हो रहे हैं?

क्या पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वीडियो फुटेज बाहर कैसे लीक हो रहे हैं?

या फिर पुलिस ने घटना के बाद डीवीआर को समय पर कब्जे में नहीं लिया, जिससे उसमें रिकॉर्ड वीडियो एक-एक करके बाहर आ रहे हैं?

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता व लीकेज के स्रोतों का पता लगा रही है।