मथुरा के मंदिरों की रसोई प्रभावित, इस्कॉन में बदला फूड मेन्यू

  • Sunday March 22 2026 - 10:55 AM
  •  

  • मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में बदली व्यवस्था, श्रद्धालुओं के भोजन में कटौती
  • एलपीजी की कमी से 10 की जगह मिल रहे 2 सिलेंडर, कोयले की भट्ठी से बन रहा भोजन

मथुरा। ईरान युद्ध से उत्पन्न ईधन संकट का असर भारत के प्रमुख मंदिरों की रसोई पर भी असर पड़ने लगा है। ईंधन की कमी होने के कारण कोयले की भट्टी चालू कर ठाकुर जी और श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। वृंदावन के  इस्कॉन टेंपल में हर रोज हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जाता था लेकिन अब सुबह खिचड़ी और दोपहर में एक सब्जी और पूड़ी बनाई जा रही है। मंदिर की रसोई में 2 कोयले की भट्टी और एक गैस चूल्हे से भोजन तैयार किया जा रहा है।

मंदिरों की रसोई पर पड़ा असर

युद्ध के कारण पेट्रोल डीजल और एलपीजी गैस की कमी होने से ठाकुर जी की रसोई पर भी असर पड़ने लगा है। पहले एलपीजी के सिलेंडर लगाकर चूल्हे पर खाना पकाया जाता था, लेकिन अब रसोई में कोयले की भट्ठी पर खाना बनाया जा रहा है। मंदिरों की रसोई के लिए हर रोज 10 कमर्शियल सिलेंडर आते थे लेकिन वर्तमान में हालात दो सिलेंडरों से पूर्ति की जा रही है।

खाने का मेनू चेंज हुआ

वृंदावन के श्री कृष्णा बलराम इस्कॉन मंदिर में हर रोज 5000 श्रद्धालुओं के लिए खाना पकाया जाता था लेकिन सिलेंडर की आपूर्ति न होने के कारण खाने के मेन्यू में बदलाव कर दिया गया है। मंदिर की रसोई में सुबह के समय खिचड़ी, दलिया दिया जा रहा है जबकि पहले चावल दाल और रोटी दी जाती थी। दोपहर के भोजन में चावल, दाल, दो प्रकार की सब्जी और रोटी-पूड़ी दी जाती थी, लेकिन दोपहर के भोजन में भी बदलाव कर दिया गया है। दोपहर में भोजन दाल रोटी और एक सब्जी बनती है, शाम को रोटी सब्जी और दाल दी जाती है।

इस्कॉन के रेस्टोरेंट पर भी असर

एलपीजी सिलेंडर की पूर्ति न होने के कारण खाने के मेन्यू में बदलाव करने के बाद इस्कॉन मंदिर के रेस्टोरेंट पर भी असर पड़ने लगा है। वर्तमान में श्रद्धालु और पर्यटकों के लिए चुनिंदा खाना ही उपलब्ध हो पा रहा है। रेस्टोरेंट में पूड़ी-सब्जी, रायता, रोटी, मटर पनीर की सब्जी, मिक्स वेज की सब्जी उपलब्ध हो पा रही है, जबकि पहले 10 प्रकार की सब्जियां और पर्यटकों के डिमांड के आधार पर व्यंजन तैयार कर दिए जाते थे। एलपीजी सिलेंडर न होने के कारण रेस्टोरेंट में भी खाना खाने के लिए पर्यटक कम संख्या मे पहुंच रहे हैं, रेस्टोरेंट परिसर में कुर्सियां खाली पड़ीं हैं।

हर रोज आते थे 10 गैस सिलेंडर

वृंदावन के श्री कृष्णा बलराम इस्कॉन मंदिर की रसोई में अनेक प्रकार के व्यंजन तैयार करने के लिए हर रोज 10 कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जाते थे, लेकिन बीते 10 दिनों से रसोई में सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण कोयले की 2 भट्ठियां चालू की गई हैं और 1 गैस की भट्ठी पर खाना पकाया जा रहा है।

ठाकुरजी के लिए भोग के लिए स्पेशल उपाय

कामर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पूरी न होने के बाद भी ठाकुर जी के लिए भोजन पहले की भांति अनेक प्रकार का तैयार किया जा रहा है। उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया, केवल जो व्यंजन सिलेंडर पर पकाए जाते थे, अब वही कोयले की भट्ठी पर तैयार किए जा रहे हैं।

रसोई में कोयले का स्टॉक

इस्कॉन मंदिर में भोजन तैयार करने के लिए कुंतल की तादाद में कोयले का स्टॉक किया गया है, ताकि भट्ठी पर श्रद्धालु और ठाकुर जी के लिए भोजन तैयार किया जा सके। उसमें कोई रुकावट ना हो एलपीजी सिलेंडर डिमांड के आधार पर नहीं मिल पा रहे हैं।

मीडिया प्रभारी ने दी जानकारी

इस्कॉन मंदिर के मीडिया प्रभारी रवि लोचन ने बताया, पश्चिमी देशों के हालात के बाद मंदिरों की रसोई पर भी असर दिखने लगा है। हमेशा डर लगा रहता है कि गैस कब खत्म हो जाए। मान लो कि हर रोज 10 सिलेंडर खर्च होते थे, 2 सिलेंडर ही उपलब्ध हो पा रहे हैं। 25% गैस सिलेंडर के माध्यम से मिल पा रही है। कोयले की भट्ठी चालू करके व्यंजन तैयार किया जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की थाली में अनेक प्रकार के व्यंजन होते थे, उसमें भी बदलाव किया गया है। मंदिर की रसोई में हजारों भक्तों के लिए भोजन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि सुबह 9:00 बजे फुल प्रसाद होता था और दोपहर में 3:00 बजे भी फुल प्रसाद दिया जाता था। उसमें बदलाव करके सुबह प्रसाद में केवल खिचड़ी दी जा रही है और दोपहर में 3:00 बजे रोटी-सब्जी और दाल दी जा रही है। ठाकुर जी की रसोई में भोजन के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है।