आज से शुरू होगा अभियान, 28955 बच्चों को टीडी की छूटी डोज लगाई जाएगी

  • Thursday April 24 2025 - 11:18 AM
  •  

  •  दस और सोलह वर्ष की आयु के छूटे हुए बच्चों को टीडी की वैक्सीन लगाई जाएगी
  •  स्कूल आधारित टीडी टीकाकरण अभियान 24 अप्रैल से 10 मई के मध्य चलाया जाएगा 

मथुरा। जनपद में विश्व टीकाकरण सप्ताह के दौरान डिप्थीरिया से बचाव के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्कूल आधारित टीडी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। 10 वर्ष व 16 वर्ष के किशोर एवं किशोरियों को बृहस्पतिवार से 10 मई के मध्य अभियान चलाकर टीडी वैक्सीन की छूटी हुई डोज दी जाएगी। अभियान के दौरान जनपद में 28955 बच्चों को टीडी की छूटी हुयी डोज लगाकर लाभ दिया जाएगा। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि डिप्थीरिया जिसे गलघोटू भी कहते हैं। एक बहुत ही घातक बीमारी है जो अक्सर उन बच्चों को होने की संभावना होती है जिन्होंने समय  पर डिप्थीरिया से बचाव वाली पेन्टा/डीपीटी/टीडी वैक्सीन नहीं लगी होती है। डिप्थीरिया बीमारी से प्रभावित बच्चों में बुखार,गले में दर्द, खांसी, खाना खाते या पानी पीते समय गले में दुखना और आमतौर पर गले में सफेद सी एक झिल्ली बन जाना आदि लक्षण पाए जाते हैं। डिप्थीरिया से बचाव के  लिए समय-समय पर पेंटा/डीपीटी/टीडी वैक्सीन से बच्चों को आच्छादित किया जाना ही सबसे अच्छा उपाय है।

सीएमओ ने सभी अभिभावकों से अपने 10 वर्ष एवं 16 वर्ष की आयु के बच्चों को जिनको कि पूर्व में टी. डी. की वैक्सीन नहीं लगी है, उन बच्चों को इस अभियान के दौरान टीडी टीका लगवाने की अपील की। डिप्थीरिया एक गंभीर और संक्रामक बीमारी है जो कोरिनेबैक्टीरियम डिप्थीरिया नामक बैक्टीरिया के कारण होती है। 

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह ने बताया कि स्कूल आधारित टीडी टीकाकरण अभियान के दौरान जनपद के सभी सरकारी व गैरसरकारी स्कूलों में कक्षा पांच के दस वर्ष आयु के बच्चों को टीडी-10 व कक्षा 10 के 16 वर्ष की आयु के बच्चों को माइक्रो प्लान के अनुसार 24 अप्रैल से 10 मई के मध्य टीडी की वैक्सीन की छूटी हुयी डोज से आच्छादित किया जायेगा। डिप्थीरिया एक गंभीर और संक्रामक बीमारी है जो कोरिनेबैक्टीरियम डिप्थीरिया नामक बैक्टीरिया के कारण होती है। डिप्थीरिया के लक्षण आमतौर पर 2-5 दिनों के बाद दिखाई देते हैं ।  

डिप्थीरिया के लक्षण-

  • डिप्थीरिया का एक आम लक्षण गले में खराश है। गले में सूजन और लालिमा भी हो सकती है।
  • बुखार एक सामान्य लक्षण है। बुखार आमतौर पर 38°ब् से अधिक होता है।
  • डिप्थीरिया में सिरदर्द एक आम लक्षण है। सिरदर्द आमतौर पर मध्यम से गंभीर होता है।
  • थकान एक सामान्य लक्षण है। थकान आमतौर पर मध्यम से गंभीर होती है।
  •  गीली खांसी एक आम लक्षण है। गीली खांसी आमतौर पर मध्यम से गंभीर होती है।
  • सांस लेने में कठिनाई एक गंभीर लक्षण है। सांस लेने में कठिनाई आमतौर पर गंभीर होती है।
  • निगलने में कठिनाई एक आम लक्षण है। निगलने में कठिनाई आमतौर पर मध्यम से गंभीर होती है।
  • गले में सूजन एक आम लक्षण है। गले में सूजन आमतौर पर मध्यम से गंभीर होती है।