भगवान गोदारंगमन्नार ने पुष्करणी सरोवर में किया नौका विहार, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

  • Tuesday September 26 2023 - 01:06 AM
  •  

वृन्दावन। दक्षिण भारतीय शैली के रंगनाथ मन्दिर में सोमवार से 3 दिवसीय नौका विहार उत्सव का आयोजन शुरू हुआ। उत्सव में भगवान गोदारंगमन्नार नौका में विराजमान हुए और पुष्करणी सरोवर में विहार किया। भगवान के नौका बिहार के दर्शन कर भक्त अभिभूत हो उठे और भगवान गोदारंगमन्नार के जयकारे लगाने लगे। 

द्वापर युग में भगवान कृष्ण ने राधारानी के साथ नौका विहार किया था। तभी से मंदिरों में भगवान को एक बार नौका विहार कराने का भाव भक्त रखते हैं। भगवान गोदारंगमन्नार ने पुष्करणी सरोवर में नौका विहार किया। इस दौरान भगवान की नौका विहार सवारी ने पुष्करणी के 5 चक्कर (परिक्रमा) लगाए।

नौका विहार से पूर्व भगवान रंगनाथ और माता गोदा की सवारी स्वर्ण पालकी में विराजमान होकर निज मंदिर से निकलकर परिक्रमा करते हुए बारह द्वारी के समक्ष पहुंची। जहां मंदिर के सेवायतों ने भगवान की आरती की। परम्परागत वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच भगवान की सवारी पुष्करणी सरोवर पर पहुंची। जहां भगवान को पूरे विधि विधान से नौका पर बनाये गए झूले में विराजमान किया गया। भगवान के नौका विहार से पूर्व मन्दिर के कर्मचारियों ने नौका को ंरंगबिरंगी लाइटों से सजाया। शाम को जैसे ही 6 बजे करीब भगवान रंगनाथ नौका में विराजमान हुए पूरा पुष्करणी सरोवर ध्वज और लाइट की रोशनी से जगमगा उठा। 

भगवान गोदारंगमन्नार के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अलावा सेवयात रघुनाथ स्वामी, रंगा स्वामी, तिरुपति, शरद शर्मा, कन्हिया, कपिल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।