यमुना तट पर पौष माह में आज से लगेगा बेलवन का मेला, होंगे महालक्ष्मी के दर्शन

  • Thursday December 23 2021 - 12:33 AM
  •  

वृन्दावन। यमुना तट पर स्थित बेलवन में पौष माह के हर गुरुवार को लगने वाला मेला गुुरुवार से शुरु हो जाने जा रहा है। यमुना किनारे जंगल में स्थापित माता लक्ष्मी का मंदिर प्राचीन है। ऐसी मान्यता है कि यहां आकर दर्शन करने वाले भक्तों की मनोकामना पूर्ण होती हैं। पौष के प्रत्येक गुुरुवार को लगने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ होने की संभावना को देखते हुए मांट पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। 

यमुना किनारे बसे बेलवन गांव में स्थित माता लक्ष्मी के दर्शन करने के लिए वैसे तो श्रद्धालु हर दिन आते रहते हैं। लेकिन पौष माह में दर्शन करने का विशेष महत्व है। यहां तिल, मूंगफली की गजक रेवड़ी और खिचड़ी का प्रसाद लगाने और उसके बाद वितरित करने का विशेष महत्व है। यही कारण है कि पौष माह के गुरुवार को यहां बेलवन मेला के अवसर पर जगह-जगह जंगल में खिचड़ी के भंडारों का आयोजन भक्तों द्वारा किया जाता है। मेला परिसर में खिचड़ी में डाले जाने वाले मसालों की खुशबू श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खिंचती हैं। 

मान्यता है कि मनोकामना पूर्ण करने के लिए श्रद्धालु माता लक्ष्मी के मंदिर की दीवार पर गोबर का सतिया बनाते हैं। भक्तों की मनोकामना पूर्ण हो जाने पर चांदी का सतिया मां को भेंट करते हंैं। इस मेला में बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-छोटे झूले भी लगते हंैं। 

किवदंती है कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण यहां गायें चराने आते थे। वहीं गोपियों के साथ महारास भी रचाते थे, एक बार इसी तरह भगवान रास कर रहे थे। महालक्ष्मी को रास में प्रवेश करने का मन हुआ, पर उसमें केवल गोपियां ही प्रवेश पा सकती थीं। महालक्ष्मी ने गोपी का रूप धारण किया और रास में प्रवेश कर गईं। योगिराज भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें पहचान लिया और उनसे कहा कि यह गोपियां साधारण नहीं हैं, रास में प्रवेश पाने के लिए तपस्या कर चुकी हैं और तुम्हे भी रास में प्रवेश के लिए तपस्या करनी होगी। मान्यता है कि तभी से महालक्ष्मी यहां तपस्या में लीन हैं।

मुख्य प्रसाद है खिचड़ी

मंदिर में मुख्य प्रसाद खिचड़ी है। पौष माह में तमाम श्रद्धालु यहां गुरुवार को भंडारे भी करते हैं। जिसमें खिचड़ी प्रसाद का मुख्य महत्व माना जाता है। इस प्रसाद को लेकर भी किवदंती है। माना जाता है कि जब महालक्ष्मी बेलवन में तपस्या पर बैठ गईं तो भगवान श्रीकृष्ण बाल रूप में प्रकट हुए और महालक्ष्मी से भोजन मांगा तो उन्होंने अपने हाथों से खिचड़ी बना कर भगवान को खिलायी। बस इसी भावना को मन में लेकर खिचड़ी प्रसाद का प्रचलन चला आ रहा है।

मांट थाना पुलिस ने मंदिर परिसर से पहले ही वाहनों को रोकने के लिए अस्थाई पार्किंग स्थल बनाए हैं। जिससे जाम की स्थिति से निपटा जा सके। मंदिर से करीब आधा किलोमीटर दूरी पर ही वाहनों को रोकने की व्यवस्था पुलिस द्वारा की गई है। पार्किंग स्थल से मंदिर तक पैदल जाने की व्यवस्था है। इसके लिए वैरिकेटिंग लगाई गई है। 

महालक्ष्मी ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश ने बताया कि इस बेरिकेटिंग इस तरह की गई हैं, जिसमें एकबार में एक ही लाइन लग सके। मंदिर को सजाया गया है। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हंैं। इस बार पौष माह में चार गुरुवार को महालक्ष्मी मंदिर यानि बेलवन का मेला होगा।