बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान
भारतीय संस्कृति के संदेश से दुनिया में खूनी संघर्ष को रोका जा सकता है:आरिफ मोहम्मद खान
- दुनिया की प्राचीन संस्कृतियों में भारतीय संस्कृति मृत्युंजय
- बिहार के राज्यपाल ने वृंदावन में सुनी रामकथा
वृंदावन। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि दुनिया में हमसे भी पुरानी संस्कृति थी, लेकिन जिस भौगोलिक क्षेत्र में आज वे संस्कृतियां विकसित हुई थीं, वहां रहने वाले लोगों का उस संस्कृति से कोई संबंध नहीं रह गया है। लेकिन पांच हजार साल पुरानी मानी जाने वाली भारतीय संस्कृति आज भी अपनी निरंतरता बनाए हुए है। यह संस्कृति प्राचीन होने के साथ ही मृत्युंजय भी है। भारतीय संस्कृति के वर्तमान में भी जीवित रहने के पीछे संत और भागवताचार्य हैं, जो श्रद्धा के पटल पर अपना पूरा जीवन समर्पित कर देते हैं।
उन्होंने यह विचार परिक्रमा मार्ग स्थित ब्रज धाम में आयोजित रामकथा के अवसर पर व्यक्त किए। राज्यपाल ने रामकथा का श्रवण कराने वाले स्वामी रामह्रदय दास को अपने साथ लाए कश्मीरी अंजीर भेंट स्वरूप प्रदान किए और उन्हें नमन किया। वहीं कथा वाचक द्वारा राज्यपाल का स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि श्रद्धा के आदर्श संत और कथा वाचक लोक शिक्षक होते हैं, जो अपना जीवन इसी कार्य में समर्पित कर देते हैं। पांच हजार वर्ष पूर्व हमारे ऋषि-मुनियों ने जो आदर्श और मूल्य स्थापित किए थे, आज जब संतों की वाणी सुनते हैं तो हमारे हृदय में अपनी संस्कृति के प्रति भाव और प्रेम जागृत होता है। संतों ने भारतीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखा है और यही भारतीय संस्कृति की निरंतरता का आधार है।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति श्रेष्ठ है और यह हममें अहंकार उत्पन्न नहीं होने देती। यह हमें बताती है कि जो ब्रह्म मेरे हृदय में निवास करता है, वही आपके हृदय में भी वास करता है। आत्मा के रूप में परम चेतना हर व्यक्ति के भीतर विद्यमान है और वही ब्रह्म है। भारतीय दर्शन हर व्यक्ति के मन में समता और परस्पर सम्मान का भाव विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में पहली बार संयुक्त राष्ट्र ने मानव को प्रतिष्ठा का अधिकार प्रदान किया, लेकिन भारत ने हजारों वर्ष पहले ही यह उद्घोष किया था कि मानव के भीतर मूल रूप से दिव्यता निहित है। मानव शरीर को परमात्मा का मंदिर मानने की परंपरा भारतीय संस्कृति की देन है।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि यह हमारी कमी है कि हम भारतीय संस्कृति का यह संदेश दुनिया तक ठीक प्रकार से नहीं पहुंचा सके। यदि हम इसे प्रभावी ढंग से विश्व समुदाय तक पहुंचा पाते, तो आज दुनिया में जो चौतरफा खूनी संघर्ष हो रहे हैं, उन्हें रोका जा सकता था।



