वृंदावन में बांकेबिहारी के दर्शन को आईं दो महिला श्रद्धालुओं की मौत
- दोनों महिलाओं की भीड़ के दबाव में तबियत बिगड़ी
- अस्पताल ले जाने के दौरान हुई महिला श्रद्धालुओं की मौत
वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शनों को रविवार को श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। इसमें अलग- अलग स्थानों पर दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों ही महिलाएं बुजुर्ग थीं।
सीतापुर के अवस्थी टोला गंज बाजार निवासी 70 वर्षीय बीना गुप्ता अपनी पड़ौसन शिवानी के साथ बीती रात वृंदावन में आई थीं। रविवार की सुबह करीब साढे ग्यारह बजे वह बाँकेबिहारी के दर्शन करने के लिए जा रही थीं। तभी हरिनिकुंज चौराहा के समीप वह बेहोश होकर गिर पड़ी। जिससे वहां हलचल मच गई। चौराहा पर मौजूद डॉक्टर की टीम ने प्राथमिक उपचार देकर ठीक करने की कोशिश की, लेकिन सुधार न दिखने पर पुलिस द्वारा उसे जिल संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इमरजेंसी प्रभारी डॉ. शशिरंजन ने बताया कि अस्पताल आने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई थी। शुरुआती जांच में पता चला कि वह दिल की बीमारी थीं।
दूसरी ओर विद्यापीठ चौराहा से बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर जयपुरिया भवन के सामने करीब 62 वर्षीय मंजू मिश्रा पत्नी भोलानाथ मिश्रा निवासी आधारता, जबलपुर, मध्यप्रदेश की भीड़ के दबाव में तबियत बिगड़ गई। महिला को पुलिस द्वारा रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम इलाज के लिए ले जाया गया, जहां डॉ. पंकज सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मार्ग पर प्रशासन ने रेलिंग लगाकर भीड़ नियंत्रण का प्रयास किया था। मंदिर के अंदर भीड़ और सफोगेशन के कारण कई श्रद्धालु बदहवास स्थिति में नजर आये तो बुजुर्गों और बच्चों को मुसीबत उठानी पड़ी। पूूरे दिन बांकेबिहारी मंदिर और उसके बाहर मार्गो पर लाखों श्रद्धालु भीड़ के दबाव के बीच लाइन में लगे रहे।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि दो महिला की अलग-अलग स्थान पर अलग-अलग समय पर बीमारीे कारण मृत्यु हुई है। इसमें से एक महिला सीतापुर की रहने वाली विद्यापीठ चौराहा के समीप चलते-चलते गिर गई, पुलिस टीम अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी महिला जबलपुर की रहने वाली थी, जिसकी उम्र 60 साल से अधिक थी। जयपुरिया धर्मशाला के समीप चलने के दौरान गिर गई, अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर मृत घोषित कर दिया। मृतक महिलाओं के परिजनो का कहना है कि दोनों ही महिला बीमार थी।
एसएसपी की श्रद्धालुओं से अपील
एसएसपी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नए साल पर और अन्य त्योहारोे पर छुट्टियों में मथुरा-वृंदावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। भीड़ अधिक है। बीमार, वृद्ध और छोट बच्चों को भीड़ में न ले जाया जाए।



