विधवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए बनाईं 1100 राखियां
वृंदावन में रक्षाबंधन का भव्य आयोजन: विधवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए बनाईं 1100 राखियां
वृंदावन। धार्मिक नगरी वृंदावन में रह रही विधवा माताओं ने परंपरागत रूढ़ियों को पीछे छोड़ते हुए उत्साह और आत्मसम्मान के साथ रक्षाबंधन मनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुलभ इंटरनेशनल के तत्वावधान में ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां माताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए 1100 से अधिक विशेष राखियां तैयार कीं। माताओं ने इन राखियों के माध्यम से प्रधानमंत्री को भाई के रूप में अपना स्नेह और आशीर्वाद समर्पित किया।
विशेष राखियों में दिखेगी प्रधानमंत्री की तस्वीर
इस वर्ष का आयोजन बेहद खास रहा, क्योंकि माताओं ने अपने हाथों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रंगीन तस्वीरों वाली राखियां बनाई हैं। सुलभ इंटरनेशनल की ओर से बताया गया कि रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर पांच विधवा माताएं इन राखियों और मिठाइयों की टोकरियां लेकर दिल्ली जाएंगी तथा प्रधानमंत्री जी को यह उपहार भेंट करेंगी।
डॉ. बिंदेश्वर पाठक की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजिका नित्या पाठक ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी माताओं और बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "आज वृंदावन की माताओं के साथ रक्षाबंधन मनाना मेरे लिए अत्यंत भावुक और सौभाग्य का क्षण है। यह आयोजन संस्थापक स्वर्गीय डॉ. बिंदेश्वर पाठक जी की करुणा, संवेदना और मानवता के प्रति संकल्प का प्रतीक है।"
उन्होंने आगे कहा कि डॉ. पाठक ने इन माताओं को केवल त्योहारों की खुशी ही नहीं, बल्कि सम्मान, स्नेह और अपनापन देने का अभियान शुरू किया था, जिसे वे गर्व के साथ आगे बढ़ा रही हैं।
भजन-कीर्तन और नृत्य से भक्तिमय हुआ माहौल
वर्ष 2012 से सुलभ इंटरनेशनल लगातार वृंदावन की विधवा माताओं के साथ जुड़ा हुआ है और उनके साथ होली, दिवाली तथा रक्षाबंधन जैसे त्योहार मनाता आ रहा है। आयोजन के दौरान माताओं ने भजन-कीर्तन पर नृत्य किया और उत्साहपूर्वक राखियां सजाईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आनंदित हो उठा। नित्या पाठक ने माताओं को प्रेरणास्रोत बताते हुए बांके बिहारी जी और मां काली से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।



