ट्रैकिंग-कैंपिंग का असली आनंद लेना चाहते हैं तो आइये पंगोट, बेहद खूबसूरत और शांत है ये जन्नत-सी जगह

  • Friday September 30 2022 - 09:55 AM
  •  

अगर आप किसी ऐसी जगह पर घूमना चाहते हैं, जहां जाकर आपका दिल खुश हो उठे तो इस बार पंगोट (Pangot) घूम आइये। ये खूबसूरत जगह कैंपिंग और ट्रैकिंग के लिए मशहूर है। दिल्ली से करीब होने के कारण यहां काफी तादाद में लोग जाते हैं और कई तरह की एक्टिविटी का भी आनंद लेते हैं। सबसे खास बात है कि नैनीताल जाने वाले कई सैलानी वहां न ठहरकर पंगोट में ठहरते हैं, क्योंकि यहां का वातारण बेहद सुकून देने वाला और शांत है। जहां नैनीताल में भीड़-भाड़ है, वहीं पंगोट में एकदम शांति। यह जगह देखने के बाद आपको ऐसा लगेगा कि आप किसी जन्नत में आ गये हैं।

पंगोट का शांत और सुकूं से भरा हुआ वातावरण और चारों तरफ पहाड़, जंगल और पक्षियों का कलरव आपको भीतर से तरोताजा कर देगा। पंगोट की दूरी नैनीताल से महज 15 किलोमीटर है। यह खूबसूरत पर्यटक स्थल समुद्र तल से 6,510 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। दिल्ली से नैनीताल की दूरी 323 किलोमीटर है जिसे आप 7 घंटे में तय कर सकते हैं। इसी तरह से अगर पंगोट की बात की जाए तो नैनीताल से महज 30 मिनट में आप पंगोट पहुंच जाएंगे।

पंगोट के बारे में कहा जाता है कि यहां प्रकृति का पक्षियों के साथ स्थापित सामंजस्य बेहद अद्भुत है। यहां आपको कई सौ प्रकार के पक्षी देखने को मिलेंगे। अगर आप ज्यादा भीड़भाड़ वाली जगह घूमना नहीं चाहते तो पंगोट आपके लिए परफेक्ट ट्रैवल डेस्टिनेशन है। इस पहाड़ी गांव में आप प्रकृति की अनुपम और अद्वितीय खूबसूरती का आनंद उठा सकते हैं। बताया जाता है कि पंगोट में 300 से ज्यादा प्रकार के पक्षियों की प्रजातियां देखने को मिलती हैं। यहां आप किसी भी होम स्टे में ठहर सकते हैं और एक-दो दिन पक्षियों और हरियाली के बीच बिता सकते हैं।