Mathura Violence: बाबा’ की मौत पर बवाल, हाईवे जाम-तोड़फोड़; लाठीचार्ज, CM योगी सख्त- कई गिरफ्तार
मथुरा। छाता क्षेत्र में ‘फरसे वाले बाबा’ के नाम से चर्चित बाबा चंद्रशेखर महाराज की संदिग्ध मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली हाईवे जाम कर दिया और जमकर पथराव व तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के बार-बार प्रयासों के बावजूद स्थिति कई बार बिगड़ती रही और लंबे समय तक तनाव बना रहा। जिस समय यह घटना हुई उस समय देश की राष्ट्रपति जिले में थी। वह गोवर्धन में पूजा अर्चना एवं परिक्रमा कर रही थी।
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आज शनिवार (21 मार्च) की सुबह करीब चार बजे हरियाणा बॉर्डर के पास ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर गौरक्षक बाबा चंद्रशेखर की मौत ने सनसनी फैला दी। समर्थकों ने दावा किया कि गौ-तस्करों ने उनपर गाड़ी चढ़ा दी है और हाईवे को जाम कर दिया। भीड़ ने हाईवे से गुजर रहे वाहनों और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिससे कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। हाईवे पर भीषण जाम लग गया। जिसके बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया और हालात संभालने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने हिंसक भीड़ को काबू में करने के लिए पहले हल्का बल प्रयोग किया और फिर आंसू गैस के गोले भी दागे। ये बवाल ऐसे समय में हुआ जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिन में गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में पूजा अर्चना कर रही थी। जहां उन्होंने गिरिराज जी महाराज की आरती में भाग लिया और गोवर्धन परिक्रमा की.पूजा अर्चना कर रही थी।
‘फरसा वाले बाबा’ के समर्थकों का दावा है कि बाबा कोटवन बॉर्डर क्षेत्र में नबीपुर के नजदीग गौवंश से लदे एक ट्रक को रोकने का प्रयास कर रहे थे कि तभी गौ-तस्करों ने उन्हें कुचल दिया। मौत की सूचना मिलते ही यूपी और हरियाणा के गौ-सेवक मौके पर पहुंचने लगे भीड़ भी बड़ी संख्या में पहुंची और तनाव फैल गया। कुछ घंटों के बवाल के बाद पुलिस ने तमाम दावों को खारिज करते हुए कहा कि भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक लोगों ने माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की।
हाईवे जाम, वाहनों पर पथराव से मची अफरातफरी
दिल्ली हाईवे पर जाम के दौरान फंसे वाहनों पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस और प्रशासन की कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और यात्री दहशत में आ गए। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर भी पत्थरबाजी कर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। हालात एक बार सामान्य होने के बाद फिर से पथराव शुरू हो गया, जिससे प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गईं।
भारी पुलिस बल तैनात, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। एडीएम, तहसीलदार और एसपी देहात के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बाबा की मौत सुनियोजित साजिश के तहत की गई है। वहीं पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों को समझाने-बुझाने और जाम खुलवाने में जुटे रहे।
कैसे हुई बाबा की मौत?
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि फरसा वाले बाबा शनिवार तड़के चार बजे हरियाणा सीमा थाना क्षेत्र कोसीकलां पर वाहन में गौवंश होने की सूचना पर अपने शिष्यों के साथ नागालैंड नंबर के एक कंटेनर को रोककर जांच कर रहे थे। उस कंटेनर में साबुन, फिनाइल, शैम्पू आदि सामान भरा हुआ था और इसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने कंटेनर को टक्कर मार दी, जिससे बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में ट्रक चालक घायल हो गया। जिसकी उपचार के दौरान आगरा के एक अस्पताल में मौत हो गई।
वहीं मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक, रात के वक्त फरसा बाबा को गौ तस्करों की सूचना मिली थी। इसी का पीछा करने निकले थे। उन्होंने कहा, ''थाना कोसी क्षेत्र में कल रात्रि लगभग 04:00 बजे के मध्य चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा द्वारा एक वाहन को संदेह के आधार पर रोका गया था. इसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक ट्रक की टक्कर लगने से उनकी दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई। जिस कंटेनर को बाबा ने रोका था उसमें किराने का सामान पाया गया तथा पीछे से आए ट्रक में तार लदे हुए थे। यह एक सड़क दुर्घटना है, गौवंश तस्करी से इसका कोई संबंध नहीं है।''
बवाल नहीं थमा, फिर शुरू हुआ पथराव
सुबह से शुरू हुआ बवाल देर तक थमने का नाम नहीं ले रहा था। पुलिस ने कई बार भीड़ को खदेड़कर हालात काबू में किए, लेकिन हर बार फिर से पथराव शुरू हो गया। लगातार बिगड़ते हालात से पुलिस भी दबाव में नजर आई।
लाठीचार्ज और बल प्रयोग, तीन घंटे बाद खुला जाम
दिल्ली हाईवे पर हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
CM योगी के सख्त निर्देश, पुलिस अलर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए और आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। सीएम के निर्देश के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है और पथराव व हिंसा में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और घटनास्थल से छोड़ी गई बाइकें भी जब्त की जा रही हैं।
मथुरा पुलिस ने चेताया है कि ''गौकशी या गौवंश तस्करी से संबंधित सोशल मीडिया पर चल रही खबरें पूर्णतः भ्रामक और असत्य हैं। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोसीकलां पर दुर्घटना का मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। मथुरा पुलिस जनता से अपील करती है कि किसी भी तथ्यहीन अफवाह को फेसबुक, ट्विटर या इंस्टाग्राम पर प्रसारित न करें, अन्यथा भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।''
DIG का बयान—सड़क हादसा, स्थिति नियंत्रण में
आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि गौरक्षक की मौत सड़क हादसे में हुई है और इसमें गोवंश का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़, फिर जाम जैसे हालात
बाबा का पार्थिव शरीर अजनोक गोशाला पहुंचने पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छाता-बरसाना मार्ग पर जाम जैसे हालात बन गए, जहां दूर-दूर से लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। गोभक्तों ने गिरफ्तार किए गए करीब 40 लोगों की रिहाई और आरोपियों पर कार्रवाई के बाद ही अंतिम संस्कार करने की मांग की। मौके पर डीएम और एसएसपी पहुंचकर लोगों से बातचीत करते रहे।
प्रशासन का आश्वासन, हुआ अंतिम संस्कार
डीएम ने गोशाला के संरक्षण और बाबा के लिए समाधि स्थल बनवाने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि निर्दोष लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। एसएसपी ने भी भरोसा दिलाया कि बाबा के नाम पर चौकी स्थापित की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ही बाबा का अंतिम संस्कार किया गया।
लखनऊ में हाई लेवल मीटिंग
मथुरा की घटना की गूंज शासन तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गो-संरक्षण को लेकर लखनऊ में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है। फिलहाल छाता कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है और पूरे इलाके में स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
मथुरा की घटना पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग कुछ नहीं जानते हैं। वह केवल नफरत फैलाना चाहते हैं और हर परिस्थिति का राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं। यह सरकार पुलिस और प्रशासन से पॉलिटिकल काम लेती है। इसीलिए प्रशासन और पुलिस लॉ एंड ऑर्डर, एडमिनिस्ट्रेशन देख ही नहीं रहे हैं।



