प्रेम मन्दिर: 11 वर्षों में 150 करोड़ की लागत से कृपालु महाराज ने बनाया मन्दिर
मन्दिरों की नगरी वृन्दावन के प्रवेश मार्ग पर भव्यता लिए प्रेम मन्दिर भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वृन्दावन के कृपालुजी महाराज की परिकल्पना के अनुरुप 150 करोड़ रुपए की लागत से प्रेम मन्दिर का सन 2011 में निर्माण कार्य पूर्ण हुआ।
इटालियन सँगमरमर से बने इस भव्य मन्दिर में राजस्थान के कारीगरों ने आधुनिकता और प्राचीनता का समावेश किया है। जिसमें दक्षिण भारतीय शैली की भी झलक मिलती है। 54 एकड़ में फैले मन्दिर परिसर के मध्य विशाल प्रेम मन्दिर 125 फुट ऊँचा है। मन्दिर की लम्बाई 122 फुट और चौड़ाई 115 फुट है। मन्दिर 11 वर्षों में बनकर तैयार हुआ।
मन्दिर के चारों ओर बने बगीचे और फव्वारे उसकी शोभा और बढ़ा रहे है। मन्दिर की वास्तुकला की विशेषता है कि इसके द्वार सभी दिशाओं में खुलते हैं। मन्दिर के बाहर और अन्दर सुन्दर नक्काशी की गई है। मन्दिर परिसर में हरियाली के बीच श्रद्धालुओं को भगवान कृष्ण की गिरिराजधरण लीला, झूलन लीला, कलियामर्दन लीला, महारास लीला के दर्शन होते हैं। प्रेम मन्दिर की परिकल्पना को गुजरात के शिल्पकार सोमपुरा परिवार ने मूर्तरुप दिया । इसके निर्माण में राजस्थान और उत्तरप्रदेश के हजारों शिल्पकारों और मजदूरों ने 11 वर्ष तक अपना योगदान दिया।
विश्व को भक्ति मार्ग के द्वारा प्रेम का सन्देश देने वाले कृपालुजी महाराज ने प्रेम मन्दिर का शिलान्यास 14 फरवरी 2001 को मकर संक्रान्ति के अवसर पर किया था। मन्दिर के प्रवेश द्वारों पर अष्ट मयूरों के नक्काशीदार तोरण द्वार बने हैं। बाहरी दीवारें भगवान राधाकृष्ण की लीलाओं के मनोरम दृश्यों से सजी हैं। वहीं मन्दिर की दीवारों पर कृष्ण की लीला के साथ ही कृपालुजी महाराज के विभिन्न मुद्राओं में चित्र उकेरे गए हैं। मन्दिर के अन्दर की दीवारों को तराशकर बृज का पौराणिकता को दर्शाया गया है । मन्दिर में 94 कलात्मक स्तम्भ हैं, जिसमें किङ्करी और मञ्जरी सखियों के अतिरिक्त भगवान राधाकृष्ण के साथ अष्ट सखियों के मन्त्रमुग्ध करने वाले दृश्य हैं। दीवारों पर मार्बल की स्लेटों पर कृपालुजी महाराज द्वारा रचित राधा गोविन्द गीत के दोहे अंकित हैं। मन्दिर के प्रथम तल पर भगवान सीताराम के अति शोभायमन विग्रह प्रतिष्ठित किए गए हैं। मन्दिर के दूसरे तल पर भगवान राधाकृष्ण के चेतन विग्रह प्रतिष्ठित हैं। इसके अलावा मन्दिर के गर्भ गृह में भगवान राधाकृष्ण और सीताराम के चल विग्रह भी विराजित हैं। इन चल विग्रहों का प्रति वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी, राधाष्टमी, राम नवमी के दिन पञ्चामृत से अभिषेक पुजारियों द्वारा किया जाता है। वृन्दावन स्थित प्रेम मन्दिर की भव्यता और कलाकृति को देखने के साथ मन्दिर के गर्भ गृह में विराजित भगवान के दर्शन करने के लिए देश- विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं।
मन्दिर के जन सम्पर्क अधिकारी अजय त्रिपाठी ने बताया की इटालियन श्वेत सँगमरमर से बने मन्दिर में रख रखाव और सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है, इसीलिए मन्दिर में सिर्फ फूलों की होली का आयोजन होता है। होली के दिन मन्दिर श्रद्धालुओं के लिए बन्द रहता है।
प्रेम मन्दिर के दर्शनों का ग्रीष्म और शीत ऋतु में निर्धारित समय
प्रात: 5:30 से 6:30 तक
8:30 से दोपहर 12:00
संध्या - 4:30 से 8:30 तक
फाउंटेन का ग्रीष्म ऋतु में समय 1 अप्रेल से 30 सितंबर तक
शाम 07:30 से 8:00
शीत ऋतु - 07:00 से 07:30



