श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर का मुख्य द्वार रहेगा जुगलघाट की ओर, विद्यापीठ के रास्ते से भी मंदिर में मिलेगा प्रवेश

  • Friday June 27 2025 - 01:39 PM
  •  

  • वृंदावन में बनने जा रहे कॉरिडोर के लिए एक नहीं कई वैकल्पिक रास्ते होंगे

मथुरा। वृंदावन में करीब 5.5 एकड़ में बनने जा रहे श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर में एक नहीं कई वैकल्पिक रास्ते होंगे। परिक्रमा मार्ग स्थित जुगल घाट की ओर मुख्य प्रवेश द्वार के अलावा विद्यापीठ की ओर से भी श्रद्धालु कॉरिडोर में प्रवेश कर सकेंगे। 

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी के भक्तों की सहूलियत को देखते हुए कॉरिडोर बनाने जा रहा है। करीब 5.5 एकड़ में प्रस्तावित कॉरिडोर में श्रीबांकेबिहारी के श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान रखते हुए अनेक प्रकार की व्यवस्थाएं प्रस्तावित की गई हैं। इसमें पेयजल, शौचालय, सामान घर, जूता- चप्पल घर, खान पान, प्रसाद और फूल माला की व्यवस्थाओं के साथ तीन हजार लोगों के लिए प्रतीक्षालय भी रहेगा। 

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि कॉरिडोर के निर्माण होने पर वर्तमान का कोई रास्ता प्रभावित नहीं होगा। कॉरिडोर में प्रवेश के लिए कई द्वार होंगे। मुख्य द्वार परिक्रमा मार्ग में जुगल घाट की ओर रहेगा। इसके अलावा विद्यापीठ मार्ग से आने वाले भक्तजन भी बांकेबिहारी मंदिर के लिए कॉरिडोर में प्रवेश कर सकेंगे। निधिवन से आने वालों के लिए भी रास्ते की यह सुविधा बरकरार रहेगी। 

कॉरिडोर निर्माण के दौरान मंदिर नहीं होगा बंद 

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि बेवजह अफवाहों को जन्म दिया जा रहा है कि निर्माण के दौरान मंदिर को बंद कर दिया जाएगा, मंदिरों का अधिग्रहण कर लिया जाएगा, रास्ते प्रभावित होंगे, ऐसा कुछ भी नहीं होने जा रहा है। निर्माण के दौरान न मंदिर बंद होगा और न किसी मंदिर का अधिग्रहण किया जाएगा। श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर के मुख्य मार्ग के अलावा विद्यापीठ मार्ग से भी प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। जिला प्रशासन अब अफवाह फैलाने वालों की निगरानी कर रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।