माफिया अतीक अहमद समेत तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा

  • Tuesday March 28 2023 - 11:29 PM
  •  

प्रयागराज। उमेश पाल अपहरण मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने माफिया अतीक अहमद समेत तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही जुर्माना भी लगाया है। वहीं अतीक के भाई अशरफ समेत सात आरोपियों को दोष मुक्त करार दिया।

17 साल बाद उमेश पाल अपहरण केस में कोर्ट ने फैसला सुनाया है। पहली बार किसी मामले में अतीक अहमद को सजा हुई है। अतीक अहमद एवं दिनेश पासी को 147, 148, 149, 341, 342, 364अ, 120बी में दोषी करार दिया गया है जबकि सौलत हनीफ को अन्य धाराओं के साथ 364 में दोषी करार दिया है। सजा पर फैसला कुछ देर में होगा, अशरफ समेत सभी दोष मुक्त किए गए हैं। अतीक अहमद को सात धाराओं में दोषी करार दिया गया है। अतीक के वकीलों ने बीमारी का हवाला दिया है।

अपहरण मामले में माफिया अतीक अहमद, उसके करीबी शौलत हनीफ और दिनेश पासी को जिला न्यायालय की एमपी एमएलए विशेष न्यायाधीश डॉक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला ने दोषी करार दिया है। विशेष अदालत ने आईपीसी की धारा 364 ए के तहत दोषी पाया।

अतीक के चेहरे पर नजर आया खौफ, लोगों को भरोसा हुआ कि कानून है

राज्य में बीजेपी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि सजा एक मिसाल कायम करती है क्योंकि 2017 से पहले राज्य में सपा के शासन के दौरान, अहमद राज्य में खुलेआम घूमता था और कानून का मजाक उड़ाता था और इलाहाबाद से बिना किसी डर के अपना माफिया गिरोह चलाता था। उन्‍होंने कहा कि ‘इससे आम आदमी को यह आभास हुआ कि कानून अपना काम करता है। लोगों ने पहली बार अतीक के चेहरे पर डर देखा। ये डर सरकार और कानून का था। एक समय अतीक के इलाके में उसकी हुकूमत थी और वहां पुलिस और कानून की पहुंच नहीं थी।