'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई, मादक पदार्थ तस्कर की 1.42 करोड़ की संपत्ति कुर्क

  • Monday July 20 2026 - 12:17 AM
  •  

महावन (मथुरा)। मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत महावन पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव पचावर निवासी मादक पदार्थ तस्कर पुष्पेंद्र सिंह की करीब 1 करोड़ 42 लाख 55 हजार 821 रुपये की अवैध संपत्ति को कुर्क कर लिया है।

गांजा और अवैध शराब से कमाई थी संपत्ति

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के आरोपी पुष्पेंद्र सिंह (पुत्र नेकसेराम) को कुछ दिनों पहले गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की, तो सामने आया कि आरोपी ने लंबे समय से गांजा और अवैध शराब की खरीद-फरोख्त (तस्करी) कर अवैध रूप से यह करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी।

गांव में मुनादी कराकर हुई जब्ती

अवैध कमाई पर प्रहार करते हुए बुधवार दोपहर को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम गांव पचावर पहुंची। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता से करने के लिए गांव में बाकायदा मुनादी (ढोल बजाकर घोषणा) कराई गई। इसके बाद कुर्की की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

मौके पर मौजूद रहे आला अधिकारी

इस बड़ी कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से नायब तहसीलदार, महावन प्रद्युम्न त्रिपाठी, महावन सीओ संजीव कुमार राय, थाना प्रभारी निरीक्षक चेतराम शर्मा, खानपुर चौकी प्रभारी विनीत चौधरी मौजूद रहे। 

सुरक्षा के मद्देनजर कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिस विभाग का कहना है कि क्षेत्र में अवैध धंधों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अन्य अपराधियों के खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।