तेज प्रताप यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर, कहा-चार साल से झेल रहा हूं प्रताड़ना, पत्नी के बारे में कही ये बात
पटना। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव आजकल बीमार चल रहे हैं। दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा है। इस बीच उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर है। वे विपक्षी पार्टियों पर खुद को बदनाम करने का आरोप तो लगा ही रहे हैं, साथ ही अब उन्होंने अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय और ससुराल वालों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। तेजप्रताप यादव ने फेसबुक लाइव आकर अपनी नाराजगी जताई और कहा कि वह पिछले चार साल से प्रताड़ना और परेशानी झेल रहा हैं।
तेजप्रताप ने फेसबुक लाइव में क्या कहा
मंगलवार को फेसबुक लाइव आकर तेजप्रताप ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और ससुराल वाले उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। तेजप्रताप यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “मेरे ससुराल वाले मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं और मुआवजे के रूप में मुझसे करोड़ों रुपये की मांग कर रहे हैं। उन्होंने मेरे माता-पिता को भी गाली दी है। मेरे पिता कई बीमारियों से पीड़ित हैं और वर्तमान में अस्पताल में भर्ती हैं। मैं पिछले 4 वर्षों से वर्तमान में फैमिली कोर्ट में चल रहे तलाक के मामले में दुर्दशा का सामना कर रहा हूं। ”
विपक्ष पर लगाया छवि खराब करने का आरोप
तेजप्रताप ने कहा, “मेरी सार्वजनिक छवि को बर्बाद करने की साजिश चल रही है। वे लोग मेरे परिवार की छवि को भी नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। वे मेरे पिता, मां, भाई और बहनों को निशाना बना रहे हैं। मेरे पास मेरे ससुराल वालों के खिलाफ कई वीडियो और ऑडियो सबूत हैं।
पत्नी ऐश्वर्या के लिए कही ये बात
तेजप्रताप ने पत्नी ऐश्वर्या राय के लिए कहा कि- यह मेरी पत्नी से संबंधित मामला है.. वो स्त्री हैं, मैं उनकी छवि खराब नहीं करना चाहता। मेरे पास भी कई वीडियोज हैं, लेकिन इस बारे में मैं सोच भी नहीं सकता कि उनकी छवि को नुकसान पहंचे, चूंकि यह एक बहुत ही संवेदनशील मामला है, इसलिए मैं सार्वजनिक डोमेन में डालने से बच रहा हूं।”
मीडियो से किया अनुरोध
उन्होंने आरोप लगाया, “मैं मीडिया संगठनों से भी अनुरोध कर रहा हूं कि वे गलत सूचना प्रकाशित न करें। मुझे पता था कि कुछ मीडिया संगठन मेरी सार्वजनिक छवि खराब करने के लिए विपक्षी दलों के प्रभाव में फर्जी खबरें चला रहे थे। मैं उनसे ऐसा नहीं करने का अनुरोध कर रहा हूं।”



