श्री बांकेबिहारी मंदिर में बिगड़े हालात
वृंदावन में छुट्टियों से पहले ही उमड़े भक्त़, श्री बांकेबिहारी मंदिर में बिगड़े हालात; सोच-समझकर बनाएं दर्शन का प्लान
वृंदावन। सर्दियों की छुट्टियों और अमावस्या से पहले ही श्री ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। शुक्रवार को मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के चलते भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि मंदिर की व्यवस्थाएं चरमरा गईं। मंदिर के अंदर से लेकर बाहर बाजार मार्ग तक हर ओर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई, जिससे दर्शन करना कई लोगों के लिए मुश्किल हो गया।
मंदिर प्रांगण में माला और प्रसाद अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं के ठहराव के कारण आपाधापी की स्थिति बन गई। इस कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठाकुरजी के सुलभ दर्शन से वंचित रह गए। दोपहर में राजभोग आरती के बाद मंदिर के पट बंद होते ही हजारों श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही बाहर रह गए, जिन्हें शाम तक इंतजार करना पड़ा। ऐसे श्रद्धालुओं ने शाम को पट खुलने के बाद ही ठाकुरजी के दर्शन किए।
अमावस्या के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक हुई वृद्धि से मंदिर की व्यवस्थाएं पूरी तरह धराशायी हो गईं। विद्यापीठ और जुगलघाट एंट्री प्वाइंट से लगातार श्रद्धालु मंदिर की ओर बढ़ते रहे। मंदिर प्रांगण में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए पुलिस को बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं को रोकना पड़ा। बैरियर पर श्रद्धालुओं को रोके जाने से पीछे की ओर भीड़ और बढ़ गई, जिससे दबाव की स्थिति बन गई।
भीड़ के दबाव में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान दिखे। कई बुजुर्ग श्रद्धालु भीड़ से निकलने के लिए दुकानों के किनारे बैठकर कुछ देर आराम करते नजर आए, इसके बाद ही वे मंदिर प्रांगण तक पहुंच सके। बाजार मार्ग में भीड़ का दबाव झेलते हुए आगे बढ़े श्रद्धालुओं को मंदिर के अंदर पहुंचते ही आपाधापी का सामना करना पड़ा। कई श्रद्धालु केवल एक झलक पाकर ही बाहर निकलने को मजबूर हो गए, जबकि सैकड़ों श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही लौट गए।
दोपहर में पट बंद होने के बाद दर्शन से वंचित श्रद्धालु आसपास ही डेरा डालकर बैठ गए। शाम को मंदिर के पट खुलने पर ही उन्होंने आराध्य के दर्शन किए। श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि मंदिर में प्रबंधन समिति द्वारा प्रस्तावित रेलिंग व्यवस्था और माला-प्रसाद अर्पित करने की वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए, तो भीड़ और अव्यवस्था से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
सर्दियों में स्कूलों की छुट्टियां शुरू होने और नए साल पर वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं से अपील है कि बच्चों और बुजुर्गों को साथ लाते समय विशेष सावधानी बरतें और भीड़ को ध्यान में रखते हुए सोच-समझकर ही ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर आने का प्लान बनाएं।



