गोवा व केरल की तर्ज पर यूपी के मथुरा सहित तीन धार्मिक शहरों में शुरू होगा रोमांचक वॉटर स्पोर्ट

  • Wednesday September 18 2024 - 12:22 AM
  •  

  • गोवा और केरल की तरह यूपी में भी शुरू होगा वाटर स्पोर्ट्स
  • जलमार्ग प्राधिकरण से 6 कैटामारन बोट के लिए समझौता
  • मथुरा, अयोध्या, काशी में 2-2 बोट का संचालन किया जाएगा

लखनऊ। अब गोवा और केरल की तर्ज पर यूपी के मथुरा में भी देशभर से आने वाले धर्म सैलानी रोमांचक वॉटर स्पोर्ट का आनंद ले सकेंगे। उनके लिए यमुना में दो कैटामारन वोट चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम ने भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण को पत्र लिखकर गोवा और केरल की तर्ज पर रोमांचक जल भ्रमण कराने की तैयारी कर रहा है।

पर्यटन विभाग ने अयोध्या, काशी और मथुरा में ओपेन कैटामारन बोट संचालन का निर्णय लिया है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण से 6 कैटामारन बोट उपलब्ध कराने के लिए समझौता किया गया है।

प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि समझौते के तहत अयोध्या, काशी, मथुरा में 2-2 बोट का संचालन किया जाएगा। अब तक अयोध्या और काशी में एक जैसे कैटामारन बोट की आपूर्ति की जा चुकी है। इस बोट में 50 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि उ0प्र0 पर्यटन विभाग अपने संसाधनों एवं सामर्थ्य का प्रयोग करके पर्यटन को नई ऊचांईयों तक ले जाना चाहता है।

जयवीर सिंह ने बताया कि यूपी में आए बदलाव के कारण पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ी है, जिसकी वजह से पिछले साल 48 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने धार्मिक-अध्यात्मिक तथा इको पर्यटन समेत अन्य विश्वविख्यात स्थलों का भ्रमण किया। यूपी में पर्यटकों से जुड़े विविध आकर्षक गन्तव्य स्थल हैं। जैसे रूरल, एग्री तथा वाटर स्पोर्टस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। वाटर स्पोर्टस की असीमित संभावनायें हैं। इसे व्यवहारिक रूप देकर पर्यटकों को उ0प्र0 आने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाई जा रही है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि जलमार्ग प्राधिकरण को यह भी सुझाव दिया गया है कि अब जो भी कैटामारन बोट की आपूर्ति की जाए, वह ओपन हो, इसमें पैट्री, शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि पर्यटक निश्चिंत होकर नदी की कल-कल जल पर तैरती हुई बोट को आसपास के रमणीक दृश्यों का अवलोकन कर सके। उन्होंने बताया कि इस साल मई से जून तक लगभग 32 करोड़ पर्यटकों ने यूपी के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इससे निवेश तथा रोजगार की संभावना को गति मिली है।

पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि, पर्यटन के विविध आयाम पर तेजी से काम हो रहा है। देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों के सामने भ्रमण के असीमित विकल्प है। ओपन कैटामारन बोट आने के बाद पर्यटक खुले में जल भ्रमण का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन निगम को पिछले महीने अयोध्या और काशी में कैटामारन, जबकि प्रयागराज में इलेक्ट्रिक बोट हैंडओवर किया था।

प्रयागराज में दो मिनी क्रूज बोट में 30-30 लोगों और 6 मोटर बोट में 4 पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था है। इनके संचालन की प्रक्रिया पर्यटन निगम के द्वारा शुरू कर दी गई गई है। वर्षा ऋतु के बाद इन सभी का संचालन शुरू किया जाएगा।