श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर के बनाने के लिए फिर से होगा सर्वे, डीएम ने बनाई कमेटी
- वृंदावन के प्रवेश मार्ग एवं हाई वे, यमुना एक्सप्रेस वे को जोड़ने वाले मार्गों का भी होगा सर्वे, होंगे चौड़े
मथुरा। श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर के लिए मंदिर के आसपास फिर से भवन एंव प्रतिष्ठानों का सर्वे होगा। इसके लिए 15 सदस्यीय कमेटी का गठन डीएम ने किया है। यह कमेटी न सिर्फ बांकेबिहारी मंदिर के आसपास की संकरी गलियों में बने भवनों का सर्वे करेगी बल्कि दिल्ली आगरा हाईवे को यमुना एक्सप्रस वे से जोड़ने वाले प्रस्तावित बाइपास का भी सर्वे करेगी। यह टीम जल्द ही अपना काम शुरू करने जा रही है। सर्वे के बाद ही कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कॉरिडोर का निर्माण कार्य की तैयारियां शासन से लेकर प्रशासन स्तर तक तेजी से चल रही हैं। बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण के लिए वर्ष 2023 में सर्वे हुआ था। मंदिर के आसपास के 188 भवन एवं प्रतिष्ठानों को चिह्नित किया गया था। करीब दो वर्ष में काफी परिवर्तन हो गये हैं। सुप्रीम कोर्ट से भी कॉरिडोर के निर्माण की हरी झंडी मिलने के बाद कॉरिडोर के निर्माण के मुताबिक पर्याप्त भूमि अधिग्रहण करने से पहले फिर से सर्वे किया जाएगा। इस बार बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर के साथ वृंदावन बाइपास, तेहरा, रूक्मिणी विहार, छटीकरा रोड के चौड़ीकरण एवं वृंदावन के सभी प्रवेश मार्गों के चौड़ीकरण के लिए भी भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे किया जाएगा। इसके लिए डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने सर्वे टीम टीम को गठित किया है।
सू़त्रों का यह भी कहना है कि मंदिर क्षेत्र का दोबारा सर्वे इसलिए भी किया जा रहा है कि पिछले दो सालों में किसी ने अपना मकान और प्रतिष्ठान भेजा होगा या फिर किसी ने निर्माण कराया होगा, वह सर्वे में स्पष्ट हो जाएगा।
डीएम ने एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार की अध्यक्षता में 15 सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसमें अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी राकेश कुमार, एसडीएम सदर अभिनव जे जैन, एसडीएम मांट रितु सिरोही, अपर नगर मजिस्ट्रेट अजीत कुमार, सहायक अभिलेख अधिकारी नरेंद्र सिंह यादव, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड निर्माण के अधिशासी अभियंता गुलवीर सिंह, आईजी स्टांप अर्पिता शर्मा, उप निबंधक प्रथम अजय त्रिपाठी, उप निबंधक द्वितीय श्वेता, उप निबंधक मांट संदीप कुमार, तहसीलदार सदर सौरभ यादव एवं तहसीलदार मांट पवन कुमार गुप्ता को सदस्य नामित किया गया हैं। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि जल्द ही सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा।



