राम नवमी उत्सवः रंगनाथ मंदिर में भगवान राम का हुआ महाभिषेक, सोने-चांदी के विमानों पर विराजमान हुए राघवेन्द्र सरकार

  • Wednesday May 11 2022 - 09:08 AM
  •  

वृन्दावन। मथुरा के वृन्दावन में स्थित दक्षिण भारतीय शैली के रंगनाथ मंदिर में भगवान राम का जन्म उत्सव मनाया गया। वैदिक परंपरा और मंत्रोच्चारण के मध्य भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मणजी का अभिषेक किया गया। 3 दिवसीय उत्सव के अंतिम दिन अभषेक के भगवान राघवेंद्र सरकार की भव्य आरती की गई। वहीं सोने व चांदी के विमानों पर विराजमान होकर राघवेन्द्र सरकार ने भक्तों को दर्शन दिए। 

3 दिन तक चला राम नवमी उत्सव

वृन्दावन में स्थित दक्षिण भारतीय शैली के विशालतम रंगनाथ मंदिर में मंगलवार को राम नवमी उत्सव की धूम रही। भगवान राम के जन्म उत्सब पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए। 3 दिवसीय जन्म उत्सव के अंतिम दिन भगवान राम,माता जानकी और लक्ष्मण जी का अभिषेक किया गया। 

भगवान राम का हुआ पंचामृत अभिषेक

श्री रंगनाथ मंदिर में वैदिक परंपरा के अनुसार मंदिर के पुजारियों ने भगवान राम,जानकी जी और लक्ष्मण जी का मंत्रोचारण के मध्य अभषेक किया। 8 कलश में लाये गए शुद्ध जल में विभिन्न पवित्र नदियों के जल का मिश्रण कर आवाहन किया। इसके बाद भगवान राम का अभिषेक शुरू हुआ। पहले पवित्र शुद्ध जल से अभषेक हुआ इसके बाद दूध,दही,घी,शक्कर,शहद से पंचामृत अभषेक किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रों का उच्चारण लगातार जारी रहा। 

इसलिए मंगलवार को मनाई गई राम नवमी 

राम नवमी का पर्व वैसे तो एक माह पूर्व ही अधिकांश स्थानों पर मनाया गया। लेकिन दक्षिण भारतीय शैली के रंगनाथ मंदिर में मंगलवार को इस पर्व को मनाया गया। मंदिर के सुपरवाइजर लखन लाल पाठक ने बताया कि उत्तर भारत में तिथि के हिसाब से उत्सव मनाए जाते हैं लेकिन दक्षिण भारत में जन्म नक्षत्र और तिथि एक साथ हो तभी उत्सव मनाया जाता है। ऐसा तीन चार वर्ष में एक बार होता है जब उत्सव उत्तर और दक्षिण में अलग अलग मनाया जाता हो। 

सोने-चांदी के विमानों पर विराजमान होकर निकल रहे राघवेंद्र सरकार

3 दिवसीय राम नवमी उत्सब का प्रारंभ रविवार को हुआ। यहां सुबह उत्सव प्रतिमाओं का अभिषेक हुआ शाम को सूर्य वाहन पर विराजमान होकर भगवान राम माता जानकी और लक्ष्मणजी निकले। इसी तरह सोमवार को स्वर्ण हाथी पर विराजमान होकर भगवान की सवारी निकाली गई। मंगलवार को शाम के समय हनुमान जी पर विराजमान होकर भगवान राघवेंद्र सरकार निकलेंगे।

मंदिर की सीईओ अनघा श्री निवासन ने बताया कि उत्सव के दौरान प्रतिदिन उत्सव प्रतिमाओं का अभिषेक होता है लेकिन राम नवमी के दिन उत्सव प्रतिमा और मूल प्रतिमा दोनों का एक साथ अभषेक लोक दर्शन के लिये किया जाता है।