श्रील प्रभुपाद ने 150 देशों के श्रद्धालुओं को कृष्ण भक्ति की लहरों पर सवार कराया

  • Tuesday April 01 2025 - 12:29 PM
  •  

वृंदावन। हरे राम हरे कृष्ण महामंत्र दुनियाभर के भक्तों पर भक्ति का चटक रंग से रंग रहा है। इसी से प्रेरित होकर करीब 150 देशों से आये हजारों श्रद्धालु वृंदावन में कृष्णभक्ति में डूबे हैं। ढोल, मृदंग, पखावज और मजीरों की धुन पर हरे राम, हरे राम राम-राम हरे हरे का जाप से वृंदावन का इस्कॉन मंदिर और कुंज गलियां गुंजायमान हैं। अमेरिका से कृष्ण भक्ति का प्रचार कर लौटे श्रील प्रभुपाद ने वृंदावन को केंद्र चुना। यहां इस्कॉन के पहले मंदिर की स्थापना 20 अप्रेल 1975 केा रामनवमी पर की। वृंदावन इस्कॉन के 50 वर्ष होने पर इस्कॉन भक्त स्वर्ण जयंती समारोह मनाने जा रहे हैं। ऐसे श्रील प्रभुपाद ने धोती-कुर्ता और पगड़ी पहन इस्कॉन गोशाला में गायों की सेवा की। उन्होंने भगवान कृष्ण की लीलाभूमि को भगवान का घर बताया। भगवान का घर बताते हुए विदेशी भक्त भी बोल उठते हैं आय एम हैप्पी इन लॉर्ड कृष्णाज हाउस...।

कोलकाता में जन्मे एसी भक्तिवेदांत प्रभुपाद ने श्रीधाम वृंदावन को अपनी साधना स्थली बनाया। अभयचरण डे के घर एक सितंबर 1896 में जन्मे प्रभुपाद की शादी बचपन में हो गई। कोलकाता के स्कॉटिस चर्च कॉलेज में शिक्षा ग्रहण की और कुछ दिन दवा का व्यापार किया, मगर कृष्ण भक्ति की लगन होने के कारण गौड़ीय संप्रदाय के अभिलेख लिखने का कार्य भी करने लगे। इसका प्रभाव इतना पड़ा कि हरे कृष्णा आंदोलन की शुरुआत करने का मन बना लिया। 

प्रभुपाद द्वारा स्थापित इस्कॉन अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भगवानामृत संघ को हरे कृष्ण आंदोलन के नाम से भी जाना जाता है। इसकी शुरुआत 1966 में न्यूयार्क शहर में श्रील प्रभुपाद ने अपने गुरु भक्ति सिद्धांत सरस्वती के आदेश पर देश-विदेश में कृष्ण भक्ति का प्रचार-प्रसार करने को की। उन्होने 59 वर्ष की आयु में संन्यास ले लिया और विभिन्न देशों में कृष्ण भक्ति का प्रचार-प्रसार करने में जुट गए। विदेशियों पर महामंत्र हरे राम, हरे कृष्ण का गहरा प्रभाव पड़ा। उनके अथक प्रयासों से विश्व के अनेक देशों में इस्कॉन मंदिर की स्थापना हो गई। इस्कॉन में असीम शांति का अहसास मिला, तो पूरब की गीता पश्चिम के लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगी।

वृंदावन इस्कॉन मना रहा स्वर्ण जयंती समारोह 

वृंदावन में श्रील प्रभुपाद द्वारा 20 अप्रेल 1975 में रामनवमी के दिन स्थापित विश्व का पहला इस्कॉन मंदिर को 50 वर्ष पूरे होेने जा रहे है। इस खुशी में इस्कॉन द्वारा छह दिवसीय स्वर्ण जंयती समारोह मनाने जा रहा है। जिसकी तैयारी इस्कॉन द्वारा  पूरी कर ली गई हैं। मंदिर के प्रवक्ता रविलोचन दास ने बताया कि मंदिर की ओर से मुख्यमंत्री येागी आदित्यनाथ से एक प्रतिनिधि मंडल मिला और उन्हें आमंत्रित किया। उन्होंने जयंती समारोह में आने का भरोसा दिया है। इस समारोह में पांच हजार से अधिक  इस्कॉन भक्त के शामिल होने की संभावना है।