गाय के मांस से आय करने वालों को सनातन समाज कभी माफ नहीं करेगा: शंकराचार्य
गाय के मांस से आय करने वालों को सनातन समाज कभी माफ नहीं करेगा: शंकराचार्य
- प्रयागराज में बटुकों की चोटी खींचने की घटना पर जताई नाराजगी
- 11 मार्च को लखनऊ में गौ माता को राज्य माता घोषित करने की मांग को लेकर कार्यक्रम
लालगंज (रायबरेली)। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य, रविवार को लालगंज पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। बृजेंद्र नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मीडिया और अनुयायियों को संबोधित किया।
शंकराचार्य ने कहा कि जो व्यक्ति गौ माता को मानता है, वह उस पर अत्याचार नहीं कर सकता। जो ऐसा करता है वह किसी भी स्थिति में हिंदू नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि गाय के मांस से आय करने वालों को सनातन समाज कभी माफ नहीं करेगा।
उन्होंने प्रयागराज में बटुकों के साथ हुई मारपीट और उनकी चोटी खींचने की घटना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बटुकों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले दोषियों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई विधर्मी करता तो समझ में आता, लेकिन जो खुद को हिंदू कहते हैं और हिंदुओं के वोट से सत्ता में आते हैं, उनके शासन में ऐसी घटनाएं होना चिंताजनक है।
शंकराचार्य ने कहा कि चोटी सनातन धर्म की ध्वजा के समान है। चोटी खींचना सनातन धर्म की ध्वजा पर प्रहार करने जैसा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई नहीं होती और पुलिस भी ऐसा करती है या उसका समर्थन करती है, तो वहां हिंदुओं की सरकार कैसे मानी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि आगामी 11 मार्च को कांशीराम स्मृति उपवन, लखनऊ में गौ माता को राज्य माता और राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेसी नेता महेश प्रसाद शर्मा ने किया।
इस मौके पर राघवेंद्र सिंह, सुमित यादव, राजेंद्र चौहान, नीरज सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।



