वृंदावन में 3 साल से रह रहे विदेशी कृष्ण भक्त की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कोस्टारिका दूतावास से NOC का इंतजार
वृंदावन (उत्तर प्रदेश)। परिक्रमा मार्ग स्थित 'रशियन बिल्डिंग' के एक फ्लैट में पिछले तीन सालों से रह रहे 60 वर्षीय विदेशी श्रद्धालु गैलार्डो एंड्रिक (Gallardo Endrik) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित मोर्चरी में रखवा दिया है। दूतावास से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने के बाद ही पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया और अंतिम संस्कार का कदम उठाएगी।
3-4 दिनों से बंद था फ्लैट, दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा
मूल रूप से मध्य अमेरिका के कोस्टारिका के रहने वाले 60 वर्षीय गैलार्डो एंड्रिक रशियन बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 713 में अकेले रहते थे और इस्कॉन (ISKCON) से जुड़कर भक्ति साधना कर रहे थे।
आस-पास रहने वाले अन्य विदेशी श्रद्धालुओं के अनुसार, गैलार्डो प्रतिदिन सभी से मिलते-जुलते थे, लेकिन पिछले 4-5 दिनों से वे अपने कमरे से बाहर नहीं निकले थे। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे जब फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी, तो बिल्डिंग के कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला शव
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां गैलार्डो का शव मृत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए शव को पंचनामा भरकर मोर्चरी भिजवाया।
लंबे समय से थे बीमार, भक्ति वेदांत अस्पताल में चल रहा था इलाज
सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक श्रद्धालु पिछले तीन वर्षों से गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। उनका इलाज वृंदावन स्थित भक्ति वेदांत हॉस्पिटल में चल रहा था और बीमारी के कारण ही उनकी मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है।
NOC मिलने पर यमुना किनारे होगा अंतिम संस्कार
सीओ संदीप सिंह के मुताबिक, अमेरिका/कोस्टारिका दूतावास को घटना की आधिकारिक सूचना दे दी गई है। दूतावास से NOC प्राप्त होते ही आगे की आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाएगी। NOC मिलने के बाद इस्कॉन के श्रद्धालुओं द्वारा वैदिक रीति-रिवाज से यमुना किनारे उनका अंतिम संस्कार कराया जाएगा। तब तक के लिए शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।



