वक्फ बोर्ड पर हंगामा करने वाले धर्म विशेष के लोग मूर्ख: स्वामी रामभद्राचार्य

  • Sunday April 13 2025 - 12:50 AM
  •  

वृंदावन। पद्मभूषण तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य महाराज (Rambhadrachary maharaj) ने कहा कि वक्फ बोर्ड कानून में संशोधन के विरोध में कोलकाता में हंगामा करने वाले धर्म विशेष के लोग मूर्ख हैं। समय एवं परिस्थिति के अनुसार कानून बनाना और संशोधित करना सरकार का कार्य हैै। 

यह बात उन्होंने शनिवार को छत्तीसगढ़ कुंज में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहीं। वह यहां अपने शिष्य रामचंद्र दास के चादरपोशी के कार्यक्रम में आए थे। उन्होंने एलान किया है कि जब तक पतित पावन यमुना शुद्ध नहीं होंगी तब तक वह कोटवन में राम कथा नहीं करेंगे। यह उनकी प्रतिज्ञा है। इसी के साथ ही उन्होंने एक बार फिर पूर्व में किए अपने संकल्प को भी दोहराया कि जब तक मथुरा में भगवान कृष्ण का भव्य मंदिर नहीं बन जाता है, तब तक वह ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के दर्शन नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण की पटरानी पतित पावन यमुना के मुद्दे पर चुनाव आते हैं। दिल्ली चुनाव में भी यह मुद्दा बनीं लेकिन यमुना अभी प्रदूषित है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर वह क्रोधित होने के साथ ही दुखी भी है। उन्होंने राजनेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि लोग यमुना को लेकर बातें तो बहुत करते हैं, लेकिन काम नहीं करते। उन्होंने यमुना शुद्धिकरण पर जोर देते हुए कहा कि यमुना जल्द ही निर्मल और अविरल होनी चाहिए। इसके लिए लोगों का प्रयास करने चाहिए।