डरा-धमकाकर सरकार गिराने का कार्य कर रही भाजपा : अखिलेश यादव
वृंदावन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने मथुरा मार्ग स्थित जयपुर मंदिर में ठाकुर राधामाधव समेत रंग मंदिर एवं ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन किए। साथ ही रंगजी मंदिर में क्षेत्र में एक चाट की ढकेल पर खड़े होकर चाट का स्वाद चखा।
ब्रज के पौराणिक कुण्ड सरोवरों को बिगाड़ दिया
इस दौरान अखिलेश यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि हर सरकार किसी न किसी रूप में विकास को आगे बढ़ाती है। लेकिन यह भाजपा की सरकार ऐसी पहली सरकार है जो विकास रोककर अमृत महोत्सव के माध्यम से अमृत सरोवर बना रही है। जबकि ब्रज में पौराणिक महत्व के कुंडों, सरोवर और तालाबों का स्वरूप बिगाड़ दिया है।
भ्रष्टाचार के सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार के प्रिय अधिकारी को प्रिय पोस्टिंग मिलती है, इस प्रकार से भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। अयोध्या में विकास कार्यों के नाम पर घोटाले हो रहे हैं। वहां फौजियों के मकानों को तोड़ा जा रहा हैं। अगर उनकी जगह अवैध थी तो रजिस्ट्री कैसे हो गई।
बांकेबिहारी मंदिर का संरक्षण हो लेकिन वर्तमान स्वरूप से बरकरार रहे
वृंदावन बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल एवं बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामियों द्वारा उनसे मुलाकात किए जाने के सवाल पर सपा मुखिया ने कहा कि वह चाहते हैं कि मंदिर का संरक्षण उसी रूप में हो जिस रूप में वर्तमान में मंदिर है। ठाकुर बांकेबिहारी में हुए हादसे पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह हादसा सरकार और प्रशासन की नाकामी का परिणाम है, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई घायल हो गए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस घटना के मृतकों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपए का मुआवजा देकर मदद करनी चाहिए।
दिल्ली में विधायकों को खरीदने के लिए 100 रूपए रखे गए
बाकेबिहारी मंदिर कॉरीडोर के सवाल पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में किसी को परेशान किए बगैर विकास कार्य किए। उन्होंने किसी का मकान नहीं तोड़ा, किसी का रोजगार नहीं छीना। साथ ही उन्होंने कहा कि ये भाजपा के लोग डरा धमकाकर और पैसे की ताकत से सरकार को गिराने का कार्य करते हैं। लोकतंत्र में ये परंपरा अच्छी नहीं है। महाराष्ट्र में भी ऐसा ही सुनने में आया और अब दिल्ली के बारे में भी सुनने में आ रहा है कि वहां विधायकों को खरीदने के लिए 100 करोड़ रुपए रखे गए हैं।
पीएम के लिए भाजपा के पास सिर्फ एक चेहरा
प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में कई नाम सामने आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास प्रधानमंत्री के लिए चेहरे बहुत हैं। लेकिन भाजपा के पास एक चेहरे के अलावा दूसरा नहीं है। लोकसभा चुनाव 2024 के प्रश्न पर सपा मुखिया ने कहा कि जनता इस बार भाजपा को हराने को तैयार है। जनता को नोटबंदी, जीएसटी, किसानों के लिए तीन काले कानून, बेरोजगारी सब कुछ याद है। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार ने अग्नि वीर जैसी योजना लाकर देश के नौजवानों का वर्दी पहनने का सपना तोड़ दिया है।



