Dimona Nuclear Alert:
Dimona Nuclear Alert: ‘80 परमाणु बम’ के दावे के बीच ईरानी मिसाइलों का हमला, इजरायल के गुप्त एटमी सेंटर पर बढ़ा खतरा
यरूशलेम। ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी संघर्ष शनिवार की शाम एक खौफनाक मोड़ पर पहुंच गया, जब ईरान ने इजरायल के सबसे संवेदनशील परमाणु केंद्र डिमोना को निशाना बनाया। आधी रात के करीब दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों ने पूरे दक्षिणी इजरायल को दहला दिया। अचानक हुए इस हमले के बाद पूरे देश में सायरन गूंज उठे।
डिमोना कोई साधारण शहर नहीं, बल्कि इजरायल के गुप्त परमाणु कार्यक्रम का मुख्य केंद्र है। माना जाता है कि इसके भूमिगत तहखानों में दर्जनों परमाणु हथियार रखे गए हैं। हमले के बाद सामने आए वीडियो में इमारतों के ढहने और भारी तबाही के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
ढहती इमारतें, चीखते सायरन और अफरातफरी
ईरानी हमले के वीडियो में एक बैलिस्टिक मिसाइल को सीधे डिमोना क्षेत्र में गिरते देखा गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि एक बड़ी इमारत मलबे में तब्दील हो गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम शुरू किया गया। इसी बीच, डिमोना और आसपास के इलाकों में एक और संभावित मिसाइल हमले की चेतावनी के साथ सायरन लगातार बजते रहे, जिससे दहशत का माहौल और गहरा गया।
पहले दी गई थी चेतावनी
डिमोना पर यह हमला अचानक नहीं था। ईरान की अर्ध-आधिकारिक ISNA समाचार एजेंसी के मुताबिक, एक वरिष्ठ ईरानी सैन्य अधिकारी ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि अमेरिका और इजरायल ईरान में सत्ता परिवर्तन की कोशिश करेंगे, तो तेहरान की सबसे प्रभावी मिसाइलें डिमोना परमाणु रिएक्टर और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाएंगी।
क्या है डिमोना और इसकी सुरक्षा व्यवस्था
शिमोन पेरेस नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर के नाम से जाना जाने वाला यह केंद्र इजरायल के परमाणु हथियार कार्यक्रम का अहम हिस्सा है। यह यरूशलेम से करीब 90 किलोमीटर और डिमोना शहर से लगभग 13 किलोमीटर दूर नेगेव रेगिस्तान में स्थित है।
करीब 36 वर्ग किलोमीटर में फैले इस परिसर में 10 प्रमुख इमारतें हैं। इसकी सुरक्षा बहु-स्तरीय है, जिसमें इलेक्ट्रिक फेंसिंग, गश्ती मार्ग और अत्याधुनिक एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम शामिल हैं। इसके अलावा जमीन के नीचे कई दशक पुरानी 8 अंडरग्राउंड लैब्स हैं, जहां लगभग 2,700 वैज्ञानिक और तकनीशियन लगातार काम करते हैं।
फ्रांस की मदद से शुरू हुआ परमाणु कार्यक्रम
इजरायल ने 1950 के दशक में अपने परमाणु कार्यक्रम की नींव रखी थी। 1957 में फ्रांस की मदद से उसे हेवी-वॉटर रिएक्टर मिला, जिसने 1963 के आसपास 26 मेगावाट क्षमता के साथ काम शुरू किया। डिमोना केंद्र की मुख्य भूमिका इस्तेमाल किए गए परमाणु ईंधन को प्रोसेस कर प्लूटोनियम निकालना है, जिसका उपयोग परमाणु हथियारों के निर्माण में किया जाता है।
अमेरिका को चकमा देने के आरोप
1960 के दशक में इजरायल ने अंतरराष्ट्रीय निरीक्षकों और अमेरिका को यह कहकर भ्रमित किया कि यह एक शांतिपूर्ण अनुसंधान केंद्र है। बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान भूमिगत सुविधाओं को छिपा लिया गया था। इस गुप्त कार्यक्रम का खुलासा 1986 में तब हुआ, जब इजरायली तकनीशियन मोर्दकै वानुनु ने ‘संडे टाइम्स’ को डिमोना से जुड़े दस्तावेज और तस्वीरें सौंपीं।
‘80 परमाणु बम’ का दावा और बढ़ती चिंता
इजरायल ने अब तक परमाणु अप्रसार संधि (NPT) पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन जून 2025 में स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की रिपोर्ट में दावा किया गया कि इजरायल के पास 80 से अधिक परमाणु वॉरहेड मौजूद हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इनमें करीब 30 ग्रेविटी बम हैं, जिन्हें लड़ाकू विमानों से गिराया जा सकता है, जबकि लगभग 50 जेरिको-2 बैलिस्टिक मिसाइलों में तैनात हैं। सबसे चिंताजनक बात यह बताई गई है कि इजरायल के पास इतना विखंडनीय पदार्थ है, जिससे वह 200 तक परमाणु हथियार बना सकता है। इस ताजा हमले के बाद डिमोना की सुरक्षा, परमाणु हथियारों के भंडार और संभावित रेडिएशन खतरे को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता और गहरा गई है।



