मथुरा में 15 माह में बनकर तैयार होगा सर्किट हाउस, भूमि पूजन में शामिल हुईं हेमा मालिनी

  • Tuesday September 30 2025 - 02:06 PM
  •  

मथुरा। ब्रजभूमि को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मथुरा में नया सर्किट हाउस बनाया जाएगा। सोमवार को गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, सांसद हेमा मालिनी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्र, विधायक पूरन प्रकाश, पूर्व विधायक करिंदा सिंह तथा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने विधिविधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

दो हेक्टेयर में बनेगा चार मंजिला भवन

करीब 6739.69 लाख रुपये की लागत से यह सर्किट हाउस वेटरनेरी विवि के कृषि फार्म स्थित लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनाया जाएगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को सौंपी गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना 15 माह में पूरी होगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा सर्किट हाउस

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि लंबे समय से मथुरा में सर्किट हाउस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नया भवन भूतल सहित चार मंजिला होगा। इसमें –

42 लोगों के लिए डॉरमेट्री और दो बड़े टाइप-2 आवास

70 सीटर कॉन्फ्रेंस हॉल, 72 सीटर डाइनिंग हॉल और पार्किंग

प्रथम तल पर 8 रूम और 4 जनरल सूट

द्वितीय तल पर 10 रूम और 2 जनरल सूट

तृतीय तल पर 2 वीआईपी सूट और 4 जनरल सूट

चौथी मंजिल पर डाइनिंग हॉल, मीटिंग हॉल और 2 वीवीआईपी सूट बनाए जाएंगे।

परियोजना का महत्व

ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि इस परियोजना का शिलान्यास जनमाष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। नया सर्किट हाउस जिले में आने वाले राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के अतिथियों के ठहरने के लिए आधुनिक और सुरक्षित स्थान प्रदान करेगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में एसीईओ मदन चंद्र दुबे, डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, आर्किटेक्ट मयंक गर्ग, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, संजय गोविल, ज्ञानेंद्र राणा, कुंज बिहारी चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।