सोने के घोड़े पर विराजमान होकर मंदिर से बगीचा पहुंचे भगवान रंगनाथ
वृंदावन। दक्षिण भारतीय शैली के रंग मंदिर में विजयदशमी पर्व मंगलवार को पूरे विधि विधान से मनाया गया। भगवान रंगनाथ की सवारी प्रात: निज मंदिर से बड़े बगीचा पालकी में विराजमान हो कर पहुंची। जहां भगवान की आरती उतारी गई और प्रसाद लगाया गया। शाम को गौधुली बेला में बड़े बगीचा स्थित मंडप से भगवान स्वर्ण अश्व पर विराजमान होकर हाथ मे भाला, धनुष, तलवार एवं अन्य शस्त्र लेकर शमी वृक्ष के समीप पहुंचे। जहां मंदिर के रघुनाथ स्वामी के नेतृत्व में शमी (छौंकरा) वृक्ष का पूजन वैदिक मंत्रोचारण के मध्य किया गया।
मंदिर के सेवायत रघुनाथ स्वामी ने बताया कि मान्यता है कि पांडव जब वन गए तब अपने अस्त्र शस्त्र शमी के वृक्ष पर ही रखकर गए । दशहरा पर जब वह वापस आये तो पहले उन्होंने वृक्ष का पूजन किया और फिर दसों दिशाओं में शस्त्र चलाकर परीक्षण किया। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए भगवान रंगनाथ की सवारी निज मन्दिर से बड़े बगीचा आती है और शाम को शमी वृक्ष का पूजन कर वापस परम्परागत वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच निज मन्दिर पहुंचती है।
इस अवसर पर स्वामी रघुराज, रंगा स्वामी, राजू स्वामी, पुरोहित विजय मिश्र, गोविंद मिश्र, तिरुपति राव, भीम, कन्हैया आदि उपस्थित रहे।



